
– इंडिया नज़र ब्यूरो
किच्छा – केंद्र सरकार की नई व्यवस्था के तहत अब फार्मर आईडी वाले काश्तकारों को ऐप के माध्यम से क्यूआर कोड जनरेट करने के बाद ही खाद का वितरण किया जाएगा। इस नई व्यवस्था के चलते क्षेत्र के किसानों को खाद प्राप्त करने में आ रही परेशानियों को देखते हुए भाजपा नेता संजीव कुमार सिंह ने जिलाधिकारी श्री नितिन भदौरिया जी, जिला कृषि अधिकारी श्री बी.के. सिंह जी एवं प्रदेश कृषि सचिव श्री सुरेंद्र नारायण पांडे जी से दूरभाष पर वार्ता कर किसानों की समस्याओं से अवगत कराया।
वार्ता के दौरान संजीव कुमार सिंह ने अधिकारियों से आग्रह किया कि वर्तमान समय में गेहूं की बुवाई का महत्वपूर्ण सीजन चल रहा है। ऐसे में नई ऑनलाइन व्यवस्था के तहत ऐप पर क्यूआर कोड जनरेट करने की प्रक्रिया में किसानों को परेशानी हो रही है, जिससे खाद वितरण प्रभावित हो रहा है। इसका सीधा असर किसानों की समय पर फसल की बुवाई पर पड़ सकता है।
उन्होंने कहा कि किसान हित को सर्वोपरि रखते हुए जब तक गेहूं की बुवाई का कार्य पूरा नहीं हो जाता, तब तक पूर्व की खाद वितरण व्यवस्था को बहाल रखा जाए, ताकि किसानों को बिना किसी परेशानी के समय पर खाद उपलब्ध हो सके और वे अपनी फसलों की बुवाई निर्धारित समय पर कर सकें। बुवाई का सीजन समाप्त होने के बाद नई ऑनलाइन व्यवस्था को सुचारू रूप से लागू किया जा सकता है।
संजीव कुमार सिंह के आग्रह पर अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि उन्होंने किसानों की इस समस्या को संज्ञान में लिया है तथा इस संदर्भ में शीघ्र ही ऐसी समुचित व्यवस्था बनाई जा रही है, जिससे किसानों को खाद प्राप्त करने में किसी भी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े और उन्हें समय पर खाद उपलब्ध हो सके।
संजीव कुमार सिंह ने कहा कि किसान हमारे अन्नदाता हैं। उनकी मेहनत और फसल का समय अत्यंत महत्वपूर्ण है। किसानों को खाद के लिए परेशान न होना पड़े और उनकी बुवाई प्रभावित न हो, इसके लिए किसानों की आवाज संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाना और उनकी समस्याओं का समाधान कराना हमारी प्राथमिकता है।

























