
– गाबा चौक से गल्ला मंडी तक किया पैदल निरीक्षण, चेतावनी दी- अतिक्रमण नहीं हटाया तो होंगे चालान, सामान भी होगा जब्त
– इंडिया नज़र ब्यूरो, रुद्रपुर – गाबा चौक के पास ट्रक की टक्कर से सुभाष कॉलोनी निवासी एक दिहाड़ी मजदूर की मौत के बाद सर्विस रोड पर अतिक्रमण का मुद्दा गरमा गया है। मृतक अपने परिवार का एकमात्र कमाने वाला था। परिजनों ने हादसे के लिए सर्विस रोड पर कबाड़ियों, स्क्रैप कारोबारियों और वॉशिंग सेंटर संचालकों द्वारा किए गए अतिक्रमण को जिम्मेदार ठहराते हुए नाराजगी जताई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा पुलिस अधिकारियों और मृतक के परिजनों के साथ गाबा चौक से गल्ला मंडी तक पैदल निरीक्षण करने पहुंचे। इस दौरान सर्विस रोड पर जगह-जगह अतिक्रमण देखकर विधायक ने कड़ी नाराजगी जताई और मौके पर ही कब्जे हटवाए।

विधायक ने अतिक्रमणकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि सर्विस रोड को रामपुर जैसा मत बनाओ, अन्यथा सड़क पर रखे खोखे भी हटवा दिए जाएंगे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि सर्विस रोड पर दोबारा अतिक्रमण न हो। नियमों का उल्लंघन करने वालों के चालान किए जाएं और जरूरत पड़ने पर सामान भी जब्त किया जाए।
उन्होंने अनावश्यक रूप से खुले कट बंद कराने के निर्देश भी दिए, ताकि यातायात व्यवस्था सुरक्षित हो सके। इसके अलावा गाबा चौक पर नाले के अधूरे निर्माण को लेकर एनएच के पीडी अंचल जिंदल से वार्ता कर शेष कार्य जल्द पूरा कराने को कहा, जिससे सर्विस रोड को सुचारु किया जा सके।
विधायक शिव अरोरा ने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि परिवार को मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक सहायता और उचित मुआवजा दिलाने के लिए प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सर्विस रोड जनता की सुविधा और सुरक्षा के लिए है, किसी के निजी कारोबार का गोदाम या पार्किंग स्थल नहीं। आम लोगों की जान से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान सीओ सिटी वैभव सैनी, कोतवाल संजय पाठक, बाजार चौकी इंचार्ज संदीप शर्मा, व्यापार मंडल कोषाध्यक्ष संदीप राव सहित सुनील यादव, सुनील सिंह, विकास सागर, मयंक कक्कड़, प्रमोद साहनी, राज कोली समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।



























