
– राइट टू प्राइवेसी (निजता के अधिकार) विषय पर किया शोध, चार वर्षों की मेहनत के बाद मौखिक परीक्षा में हुए सफल
– इंडिया नज़र ब्यूरो, नैनीताल – उत्तराखंड हाईकोर्ट के अधिवक्ता डॉ. वरुण प्रताप सिंह भाकुनी ने विधि (लॉ) विषय में पीएचडी की उपाधि हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उन्होंने मदरहुड यूनिवर्सिटी, रुड़की से अपना शोध कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया। उनका शोध आधुनिक दौर में तेजी से बढ़ती निजता संबंधी चुनौतियों और नागरिकों के निजता के अधिकार यानी ‘राइट टू प्राइवेसी’ पर केंद्रित रहा।
डॉ. भाकुनी ने चार वर्षों तक निरंतर मेहनत, अध्ययन और शोध-साधना के बाद अपनी शोध यात्रा पूरी की। उन्होंने शोध कार्य की अंतिम मौखिक परीक्षा (वाइवा) भी सफलतापूर्वक उत्तीर्ण की। उनका शोध कार्य प्रोफेसर डॉ. नलनीश चंद्र सिंह के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

डॉ. वरुण भाकुनी ने कहा कि वर्तमान आधुनिक युग में तकनीकी विकास और विभिन्न माध्यमों के बढ़ते इस्तेमाल के बीच व्यक्ति की निजता का सवाल बेहद महत्वपूर्ण हो गया है। आज समाज के हर क्षेत्र में निजता के अधिकार के समक्ष नई चुनौतियां सामने आ रही हैं। ऐसे समय में ‘राइट टू प्राइवेसी’ विषय पर किया गया यह शोध वर्तमान सामाजिक और विधिक परिस्थितियों के संदर्भ में सार्थक एवं महत्वपूर्ण योगदान साबित होगा।
पीएचडी की उपाधि प्राप्त करने पर डॉ. वरुण भाकुनी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने स्वर्गीय माता-पिता डॉ. भूपाल सिंह भाकुनी एवं चंद्रावती भाकुनी, विधि विभागाध्यक्ष प्रोफेसर डॉ. जे.एस.पी. श्रीवास्तव तथा अपनी पत्नी श्यामभावी भाकुनी को दिया। उन्होंने सभी के सहयोग, प्रेरणा और आशीर्वाद को अपनी उपलब्धि का आधार बताया।

उनकी इस उपलब्धि पर हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश, डॉ. हिमानी भाकुनी सहित परिजनों एवं शुभचिंतकों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। डॉ. भाकुनी की इस शैक्षणिक उपलब्धि को क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण माना जा रहा है।



























