
– SIR, अराजकता और युवाओं की आकांक्षाओं पर हुई चर्चा, विजेताओं को 5,100, 2,100 और 1,100 रुपये के पुरस्कार से किया सम्मानित
– इंडिया नज़र ब्यूरो, रुद्रपुर – रुद्रपुर डिग्री कॉलेज में भारतीय जनता युवा मोर्चा की ओर से ‘युवा अनप्लग्ड’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत भाषण प्रतियोगिता आयोजित हुई, जिसमें युवाओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करते हुए समसामयिक मुद्दों पर अपने बेबाक विचार और तर्क प्रस्तुत किए।
प्रतियोगिता में SIR, अराजकता और युवाओं की आकांक्षाएं जैसे विषय रखे गए। प्रतिभागियों ने इन विषयों पर अपनी वैचारिक क्षमता और अभिव्यक्ति कौशल का परिचय दिया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 5,100 रुपये, द्वितीय को 2,100 रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 1,100 रुपये की पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया।

भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष विपिन सिंह गहलौत ने कहा कि ‘युवा अनप्लग्ड’ जैसे आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा और विचार खुलकर रखने का मंच प्रदान करते हैं। युवा केवल देश का भविष्य ही नहीं, बल्कि वर्तमान में भी राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

वहीं महापौर विकास शर्मा ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी ताकत हैं। उनमें असीम ऊर्जा और सामर्थ्य है। ऐसे कार्यक्रम युवाओं में आत्मविश्वास, वैचारिक स्पष्टता और नेतृत्व क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए विजेताओं को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता सोनू चुघ, कार्यक्रम संयोजक रोहित भट्ट, सचिन शुक्ला, आशीष कुमार, शिवम खुराना, जिला महामंत्री शशांक वर्मा, विशाल सिंह, रचित गंगवार, आदेश भारद्वाज, मनीष सहित सैकड़ों युवा मौजूद रहे।



























