
– इंडिया नज़र ब्यूरो किच्छा – ग्रामीण जनसंवाद कार्यक्रम के तहत विधायक तिलक राज बेहड़ ने मंगलवार को नजीबाबाद क्षेत्र के विभिन्न गांवों का दौरा कर ग्रामीणों से संवाद किया।
इस दौरान उन्होंने लगभग 60 लाख रुपये की लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। राज्य योजना के अंतर्गत नजीबाबाद क्षेत्र के धौराडाम में प्रधान लाइन 400 मीटर तथा दीवान झाल में 300 मीटर 41.19 लाख रुपये की लागत से निर्माणधीन 700 मीटर सड़क के कार्य का शिलान्यास किया गया। साथ ही विधायक निधि से 19.40 लाख रुपये के विकास कार्यों के अंतर्गत नजीबाबाद जीरो बंदा में गुरुद्वारा साहिब के निकट 3 लाख रुपये की लागत से सौंदर्यीकरण कार्य, चीमा लाइन के पूर्वांचल क्षेत्र में सार्वजनिक स्थल पर 5 लाख रुपये से सौंदर्यीकरण, दीवान झाला की विभिन्न गलियों में 5 लाख रुपये से सीसी सड़क निर्माण तथा धौराडाम की बंगाली कॉलोनी में 6.40 लाख रुपये के विकास कार्य कराए गए।
विधायक तिलक राज बेहड़ ने जीरो बंदा स्थित गुरुद्वारा साहिब में माथा टेककर अरदास की तथा क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना करते हुए ग्रामीण जनसंवाद कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके पश्चात उन्होंने नजीबाबाद बंदा, चीमा लाइन, प्रधान लाइन, दीवान झाला, बंगाली कॉलोनी एवं कोटखर्रा सहित विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर ग्रामीणों से मुलाकात की।
विधायक तिलक राज बेहड़ ने आचार्य कॉलोनी के लोगों को आश्वस्त किया कि वर्ष 2027 में विधायक बनने के प्रथम वर्ष में मंदिर निर्माण एवं सड़क पुनर्निर्माण की दोनों मांगें पूरी की जाएंगी। उन्होंने कहा कि पूर्व में की गई घोषणाओं को उन्होंने पूरा किया है और आगे भी विकास कार्यों के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कांग्रेस-भाजपा से ऊपर उठकर विकास के नाम पर समर्थन देने की अपील करते हुए कहा कि उन्हें हर वर्ग और समाज का सहयोग चाहिए। ग्रामीण जनसंवाद के दौरान विधायक ने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा संबंधित विभागों के माध्यम से उनके शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
विधायक तिलक राज बेहड़ ने फसलों का मौका मुआयना किया सिचाई विभाग उत्तरप्रदेश से वार्ता कर शीघ्र पानी निकासी के निर्देश दिए कहा कि क्षेत्र का समग्र विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। गांव-गांव जाकर जनता के बीच पहुंचना, उनकी समस्याओं को सुनना और उनका समाधान कराना एक जनप्रतिनिधि के रूप में उनका दायित्व है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, नाली, सौंदर्यीकरण एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। विकास कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। जनता की जरूरतों के अनुरूप विकास कार्य आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।
ग्रामवासियों ने गांवों में पहुंचने पर विधायक बेहड़ का फूलमालाओं से जोरदार स्वागत एवं अभिनंदन किया तथा क्षेत्र में कराए जा रहे विकास कार्यों के लिए उनका आभार जताया।
इस दौरान किच्छा नगर पालिका अध्यक्ष राजेश प्रताप सिंह, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गुलशन सिंधी, जिला पंचायत सदस्य प्रेम आर्य, मेजर सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।



























