
– पर्वतीय कृषि, प्राकृतिक खेती और नवाचारों पर विशेष शोध की जरूरत, किसानों की आय बढ़ाने पर दिया जोर
– इंडिया नज़र ब्यूरो | पंतनगर – गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, पंतनगर के 67वें स्थापना दिवस समारोह में राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने विश्वविद्यालय की ऐतिहासिक उपलब्धियों की सराहना करते हुए युवाओं से नौकरी तलाशने के बजाय रोजगार सृजित करने वाला बनने का आह्वान किया। साथ ही पर्वतीय कृषि, प्राकृतिक खेती और आधुनिक कृषि तकनीकों पर विशेष अनुसंधान करने की आवश्यकता बताई।
राज्यपाल ने कहा कि पंतनगर विश्वविद्यालय ने अनुसंधान और किसानों के परिश्रम के समन्वय से देश में हरित क्रांति की मजबूत आधारशिला रखी। खाद्यान्न सुरक्षा और कृषि विकास में संस्थान का योगदान ऐतिहासिक रहा है। उन्होंने क्यूएस एशिया यूनिवर्सिटी रैंकिंग-2026 में भारतीय कृषि विश्वविद्यालयों की श्रेणी में प्रथम स्थान हासिल करने पर विश्वविद्यालय परिवार को बधाई दी।

उन्होंने विश्वविद्यालय के विभिन्न नवाचारों, संकर चारा मक्का किस्मों, बद्री गाय में ओपीयू-आईवीएफ तकनीक, मालू के रेशों से वस्त्र निर्माण, धान की भूसी से ट्राइकोडर्मा उत्पादन और पंत वीड गाइड ऐप की सराहना की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए पर्वतीय कृषि, जलवायु अनुकूल बीज, कम लागत वाली तकनीक, प्राकृतिक खेती और स्थानीय उत्पादों के मूल्य संवर्धन पर शोध बढ़ाया जाना चाहिए। इससे किसानों की आय बढ़ेगी और पलायन रोकने में भी मदद मिलेगी।
युवाओं को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि वे केवल जॉब सीकर न बनें, बल्कि कृषि स्टार्टअप और नई तकनीकों के माध्यम से जॉब प्रोवाइडर बनें। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेल और नवाचार में लगाने की सलाह दी। साथ ही पीएम किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना, डिजिटल कृषि मिशन और नमो ड्रोन दीदी जैसी योजनाओं का लाभ तकनीकी प्रसार के जरिए किसानों तक पहुंचाने पर जोर दिया।
समारोह में सांसद अजय भट्ट ने विश्वविद्यालय को स्थापना दिवस की बधाई देते हुए कहा कि पंतनगर विश्वविद्यालय का गौरवशाली इतिहास रहा है और यह हरित क्रांति की जन्मस्थली है। उन्होंने क्यूएस रैंकिंग में विश्वविद्यालय की उपलब्धि को अधिकारियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों की मेहनत का परिणाम बताया।
वहीं कुलपति डॉ. एसके कश्यप ने अतिथियों का स्वागत करते हुए बताया कि 17 नवंबर 1960 को स्थापित इस विश्वविद्यालय का मूल उद्देश्य देश को खाद्यान्न के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाना था। विश्वविद्यालय तब से लगातार कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।
इस अवसर पर राज्यपाल ने प्रतिभाशाली विद्यार्थियों अनुमेय सिंह, नंदनी, मीमांशा और राहुल कुमार को सम्मानित किया। साथ ही ‘राइजिंग पंतनगर’ पुस्तक एवं दस ब्रोशर का विमोचन किया। कार्यक्रम में डीन बीएस चलाल, कुलसचिव डॉ. दीपा विनय, अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. विपिन चंद्र ध्यानी सहित विश्वविद्यालय के अधिकारी, शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे।



























