
– एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, मुख्य आरोपी विकास कुमार मुठभेड़ में हुआ था गिरफ्तार; हत्या में प्रयुक्त आला कत्ल और टी-शर्ट बरामद
– इंडिया नज़र ब्यूरो, रुद्रपुर – रुद्रपुर जिला अस्पताल में हुए नितेश उर्फ राज जौहरी हत्याकांड में ऊधम सिंह नगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अब तक छह अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वहीं, लगातार दबिश और सुरागरसी के बाद पुलिस ने छठे अभियुक्त अमन प्रजापति को भी उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के मीरगंज क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर गठित पुलिस टीमों की इस कार्रवाई को हत्याकांड के खुलासे में बड़ी सफलता माना जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, 13 नवंबर 2026 को जगतपुरा, ट्रांजिट कैंप स्थित प्रजापति टेलीकॉम और राज टेलीकॉम के संचालकों के बीच सीसीटीवी कैमरे की दिशा को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के दौरान दोनों पक्षों के बीच मारपीट भी हुई। इसके बाद मामला रुद्रपुर जिला चिकित्सालय परिसर तक पहुंच गया, जहां दोनों पक्षों के बीच दोबारा मारपीट और हमला हुआ। इसी दौरान नितेश उर्फ राज जौहरी के सीने पर किसी नुकीली वस्तु से वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना में दिनेश जौहरी और कमलेश कुमार भी घायल हुए थे। घटना के संबंध में वादी दिनेश जौहरी की तहरीर पर कोतवाली पंतनगर में मुकदमा संख्या 231/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।

हत्याकांड की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति ने तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी और घटना के खुलासे के निर्देश दिए। इसके लिए कोतवाली पंतनगर पुलिस की पांच विशेष टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीमों ने घटनास्थल का वैज्ञानिक निरीक्षण कराने के साथ ही सीसीटीवी फुटेज खंगाले और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने 13 नवंबर को आकाश कुमार और विनोद कुमार को गिरफ्तार किया। वहीं, मुख्य अभियुक्त विकास कुमार को बरेली के इज्जतनगर रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया गया था। पुलिस के अनुसार, बरेली से रुद्रपुर लाते समय थाना पुलभट्टा क्षेत्र में यश पेट्रोल पंप के पास विकास कुमार ने भागने का प्रयास करते हुए पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद 14 नवंबर को चौकी प्रभारी सिडकुल उपनिरीक्षक हेमंत सिंह कठैत के नेतृत्व में पुलिस टीम और एसओजी ने लुमिनस फैक्ट्री के निकट निर्माणाधीन देवभूमि कॉलोनी के पगडंडी मार्ग पर घेराबंदी कर अमन कुमार और भोला उर्फ देव मंडल को गिरफ्तार किया।
पुलिस की लगातार कार्रवाई के क्रम में 15 नवंबर 2026 को छठे अभियुक्त अमन प्रजापति पुत्र नत्थन प्रजापति (29 वर्ष), निवासी जगतपुरा, वार्ड नंबर-5, थाना ट्रांजिट कैंप को बरेली जिले के सिन्धौली, मीरगंज क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं, पुलिस ने मुख्य अभियुक्त विकास कुमार की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त आला कत्ल और वारदात के समय पहनी गई टी-शर्ट भी बरामद की है। पुलिस का कहना है कि मामले में वैज्ञानिक साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर विवेचना की जा रही है।
इस हत्याकांड में गिरफ्तार छह अभियुक्तों में आकाश कुमार, विकास कुमार, विनोद कुमार, अमन कुमार, भोला उर्फ देव मंडल और अमन प्रजापति शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, इनमें से पांच अभियुक्तों का 14 दिन का न्यायिक रिमांड स्वीकृत होने के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया है। छठे अभियुक्त के संबंध में नियमानुसार न्यायालय में पेश करने और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट किया है कि जनपद में आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने वाले अपराधियों के खिलाफ किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऊधम सिंह नगर पुलिस ने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने और अपराधियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई करने की प्रतिबद्धता जताई है।































