
– मासिक अपराध गोष्ठी में अपराध नियंत्रण और त्योहारों की सुरक्षा को लेकर दिए कड़े निर्देश, उत्कृष्ट कार्य करने वाले 8 पुलिसकर्मी सम्मानित
– इंडिया नज़र ब्यूरोरुद्रपुर – जनपद में अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाने के लिए एसएसपी अजय गणपति ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस लाइन रुद्रपुर के सभागार में आयोजित मासिक अपराध गोष्ठी में उन्होंने जनपद के राजपत्रित अधिकारियों, थाना-चौकी प्रभारियों एवं संबंधित अधिकारियों के साथ अपराधों, कानून-व्यवस्था, लंबित विवेचनाओं और यातायात व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कई कड़े निर्देश दिए।
एसएसपी ने आगामी त्योहारों के मद्देनजर बाजारों, धार्मिक स्थलों, पटाखा बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, पैदल गश्त एवं रात्रि गश्त बढ़ाने तथा संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग व सत्यापन अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशा तस्करी, अवैध शराब, जुआ-सट्टा और अवैध हथियारों के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।

महिला एवं बाल अपराधों से जुड़ी शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई, लंबित विवेचनाओं और वारंटों का समयबद्ध निस्तारण तथा फरियादियों की शिकायतों को प्राथमिकता से सुनने के निर्देश भी दिए गए। एसएसपी ने सर्किल प्रभारियों को अपने अधीनस्थ थानों और चौकियों का नियमित निरीक्षण करने तथा पुलिसिंग में लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करने को कहा
यातायात व्यवस्था को लेकर बिना हेलमेट, ट्रिपल राइडिंग, मॉडिफाइड साइलेंसर, काली फिल्म, ओवरलोडिंग और नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। साथ ही बिना रिफ्लेक्टर वाले वाहनों पर कार्रवाई करने और रात्रि ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों के लिए रिफ्लेक्टर जैकेट अनिवार्य की गई। दुर्घटना संभावित एवं संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने और स्थापित कैमरों की 24 घंटे निगरानी सुनिश्चित करने को भी कहा गया।
गोष्ठी के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले जनपद के 8 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं, कार्यों में शिथिलता बरतने वाले अधिकारियों को कार्यशैली में सुधार लाने की हिदायत दी गई।
एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट किया कि अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और आमजन की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। ड्यूटी में लापरवाही और जनशिकायतों के निस्तारण में देरी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अच्छा कार्य करने वालों को सम्मानित किया जाएगा, जबकि लापरवाही बरतने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।




























