
– डीजीसीए ने जांच के लिए भेजी टीम, ट्रांस भारत एविएशन का पूरा बेड़ा ग्राउंड; मृतकों में पायलट समेत पांच यात्री शामिल
– इंडिया नज़र ब्यूरोजोशीमठ (चमोली)। उत्तराखंड के चमोली जिले में बद्रीनाथ से देहरादून जा रहा ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड का हेलीकॉप्टर शुक्रवार को जोशीमठ के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में हेलीकॉप्टर सवार पायलट समेत सभी छह लोगों की मौत हो गई। हेलीकॉप्टर का मलबा जोशीमठ क्षेत्र के चाई गांव के पास जंगल में मिला। हादसे की सूचना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
नागरिक उड्डयन मंत्रालय की ओर से जारी आधिकारिक जानकारी के अनुसार, हेलीकॉप्टर (रजिस्ट्रेशन नंबर VT-HCX, मॉडल AS350B3) ने शुक्रवार दोपहर करीब 1:14 बजे बद्रीनाथ हेलीपैड से देहरादून के सहस्त्रधारा हेलीपैड के लिए उड़ान भरी थी। जोशीमठ घाटी के ऊपर उड़ान के दौरान हेलीकॉप्टर का संपर्क टूट गया और ट्रैकिंग सिस्टम से भी उसकी लोकेशन मिलनी बंद हो गई। इसके बाद हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना सामने आई और चाई गांव के पास जंगल में उसका मलबा खोजा गया।

हादसे के बाद भारतीय सेना, चमोली जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ और आईटीबीपी की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुट गईं। रिपोर्टों के अनुसार, हादसे में सभी छह लोगों की जान चली गई और उनके शव बरामद कर लिए गए।
हेलीकॉप्टर में पायलट कैप्टन हिमांशु सहित पांच यात्री सवार थे। यात्रियों की पहचान प्रताप, अरुण, शंकर गौड़ा, सुधीर के. और एच.एस. नटराज के रूप में हुई है। अधिकारियों के अनुसार, पांच यात्री बेंगलुरु के रहने वाले थे, जबकि पायलट कैप्टन हिमांशु दिल्ली के निवासी बताए गए हैं।
हादसे के बाद एहतियातन ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड के पूरे हेलीकॉप्टर बेड़े को ग्राउंड कर दिया गया है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने दुर्घटना के कारणों की प्रारंभिक एवं नियामकीय जांच के लिए नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) की टीम देहरादून भेजी है। फिलहाल हादसे के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जोशीमठ के चाई गांव के पास हेलीकॉप्टर दुर्घटना पर दुख जताया। उन्होंने जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग और एसडीआरएफ को संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव कार्य संचालित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने पूरे घटनाक्रम की निगरानी करते हुए मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।





























