– विधायक बोले, शहीदों के अपमान पर कांग्रेस को जनता माफ नहीं करेगी
– इंडिया नज़र ब्यूरो | रुद्रपुर – रुद्रपुर में कांग्रेस की न्याय यात्रा के दौरान भगत सिंह चौक पर माल्यार्पण को लेकर हुए घटनाक्रम पर विधायक शिव अरोरा ने प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा और कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि शैलजा ने शहीद भगत सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने से इनकार किया, जो शर्मनाक और निंदनीय है। उन्होंने कहा कि शहीदों के अपमान को उत्तराखंड की जनता बर्दाश्त नहीं करेगी।
शिव अरोरा ने दावा किया कि स्थानीय कांग्रेस नेता शैलजा से माल्यार्पण का आग्रह करते रहे, लेकिन उन्होंने इनकार कर दिया। उन्होंने कांग्रेस और राहुल गांधी से इस मामले में जवाब देने की मांग की।
विधायक शिव अरोरा ने कांग्रेस की न्याय यात्रा को फ्लॉप शो बताते हुए आरोप लगाया कि यात्रा में 100 लोगों की संख्या भी नहीं जुट पाई। उन्होंने कहा कि इससे स्पष्ट है कि जनता कांग्रेस के साथ नहीं है।
शिव अरोरा ने कहा कि उत्तराखंड की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में भाजपा के साथ खड़ी है। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव में प्रदेश में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनने का दावा भी किया।





















