– विधायक तिलक राज बेहड़ और नगर पालिका अध्यक्ष राजेश प्रताप सिंह ने किया उद्घाटन, आदित्य चौक व हल्द्वानी रोड पर बनाए गए आकर्षक गेट
– इंडिया नज़र ब्यूरो किच्छा – शहर के सौंदर्यीकरण और विकास को नई दिशा देने के उद्देश्य से किच्छा में लगभग 88 लाख रुपये की लागत से निर्मित दो भव्य प्रवेश द्वारों का लोकार्पण किया गया। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर विधायक तिलक राज बेहड़ एवं नगर पालिका अध्यक्ष राजेश प्रताप सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काटकर और नारियल फोड़कर दोनों प्रवेश द्वारों का विधिवत उद्घाटन किया। इन प्रवेश द्वारों के निर्माण से शहर की सुंदरता बढ़ने के साथ ही किच्छा को एक आकर्षक पहचान मिलने की उम्मीद है।
विधायक निधि से निर्मित दोनों प्रवेश द्वार शहर के प्रमुख स्थानों पर बनाए गए हैं। इनमें पहला प्रवेश द्वार आदित्य चौक पर और दूसरा हल्द्वानी रोड स्थित काली मंदिर के पास बनाया गया है। शहर के इन महत्वपूर्ण मार्गों पर भव्य गेटों का निर्माण होने से किच्छा में प्रवेश करने वाले लोगों को शहर का आकर्षक स्वरूप देखने को मिलेगा। इनका निर्माण नगर के सौंदर्यीकरण को ध्यान में रखते हुए कराया गया है।

लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान विधायक तिलक राज बेहड़ ने कहा कि किसी भी शहर के प्रवेश द्वार उसकी पहचान और सुंदरता के प्रतीक होते हैं। किच्छा के प्रमुख मार्गों पर भव्य प्रवेश द्वार बनवाने का उद्देश्य शहर को सुंदर और आकर्षक स्वरूप प्रदान करना है। विधायक निधि के माध्यम से क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्य कराने के साथ-साथ शहर के सौंदर्यीकरण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि किच्छा विधानसभा क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनकी प्राथमिकता है। क्षेत्र में सड़क, नाली, जल निकासी, प्रकाश व्यवस्था, सार्वजनिक स्थलों के विकास और सौंदर्यीकरण से जुड़े कार्यों को लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है। विकास का अर्थ केवल सड़क और भवन बनाना नहीं, बल्कि शहर को स्वच्छ, सुंदर और सुविधाजनक बनाना भी है।
विधायक बेहड़ ने कहा कि विधायक निधि के साथ नगर पालिका के माध्यम से भी विकास कार्यों को गति दी जाएगी। जनप्रतिनिधियों और नगर पालिका के आपसी सहयोग से किच्छा को बेहतर सुविधाओं से युक्त और विकसित शहर बनाने के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि शहरवासियों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने और प्रमुख स्थलों का सौंदर्यीकरण करने के लिए भविष्य में भी आवश्यकतानुसार कार्य कराए जाएंगे।
स्वच्छ और सुंदर शहर बनाने के लिए प्रतिबद्ध : राजेश प्रताप सिंह
नगर पालिका अध्यक्ष राजेश प्रताप सिंह ने शहर के विकास और सौंदर्यीकरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताते हुए कहा कि नगर पालिका क्षेत्र में जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। किच्छा को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जाएगा। उन्होंने विकास कार्यों को आगे बढ़ाने में सभी के सहयोग को महत्वपूर्ण बताया।
लोकार्पण कार्यक्रम में सिरौली कला नगर पालिका अध्यक्ष सईदूल रहमान, किच्छा नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गुलशन सिंधी, पूर्व पालिका अध्यक्ष दर्शन कोली, ओमप्रकाश दुआ, जिला पंचायत सदस्य गुरदास कालडा, नजाकत खान, कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।


















