– महापौर विकास शर्मा बोले—सड़कों, पार्कों, धार्मिक स्थलों और सामुदायिक भवनों का होगा विकास
– इंडिया नज़र ब्यूरो रुद्रपुर – शहर में विकास कार्यों को गति देने के लिए नगर निगम ने 11.50 करोड़ रुपये की लागत से 76 विकास कार्यों के टेंडर जारी किए हैं। इन कार्यों के तहत विभिन्न वार्डों में सड़क, नाली और पुलिया निर्माण, धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण, पार्कों के जीर्णोद्धार, सामुदायिक भवनों के निर्माण और सार्वजनिक स्थलों के विकास सहित कई कार्य कराए जाएंगे।
महापौर विकास शर्मा ने प्रेस वार्ता में बताया कि नगर निगम विकास कार्यों को चरणबद्ध तरीके से धरातल पर उतार रहा है। इससे पहले भी विभिन्न चरणों में सड़कों और अन्य विकास कार्यों के टेंडर जारी किए जा चुके हैं। बारिश के कारण प्रभावित निर्माण कार्य मौसम अनुकूल होने पर तेजी से पूरे कराए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि मुख्य बाजार स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर पार्क के सौंदर्यीकरण पर 24.55 लाख रुपये, बसंती माता मंदिर में पत्थर लगाने पर नौ लाख रुपये और काशीपुर बाईपास स्थित श्री गुरुद्वारा अमृतसागर डेरा भजनगढ़ के पास प्रवेश द्वार निर्माण पर 12.16 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा गंगापुर रोड पर गोल्ज्यू मंदिर और नीलकंठ धाम के पास सामुदायिक भवन बनाए जाएंगे। आवास विकास स्थित शहीद-ए-आजम भगत सिंह पार्क का जीर्णोद्धार भी कराया जाएगा।
महापौर के अनुसार, डीडी चौक पर 24.75 लाख रुपये की लागत से भव्य डमरू चौक बनाया जाएगा। पुलिस लाइन की मुख्य सड़क के दोनों ओर टाइलें लगाने और लाइटें लगाने के लिए 24.83 लाख रुपये का टेंडर जारी किया गया है। वहीं, अतिक्रमण से मुक्त कराई गई जमीनों को दोबारा कब्जे से बचाने के लिए 24.66 लाख रुपये की लागत से व्यू कटर लगाए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि रेनबो स्कूल वाली सड़क पर जलभराव की समस्या दूर करने के लिए पहले नाले और पुलिया का निर्माण कराया जाएगा, जिसके बाद सड़क बनाई जाएगी। इसके अलावा विभिन्न वार्डों में सीसी सड़क, नाली, पुलिया और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्य भी कराए जाएंगे।
महापौर विकास शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सहयोग से रुद्रपुर में विकास कार्यों को लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है। शहर में डिजिटल लाइब्रेरी का निर्माण भी जारी है, जिसके लिए सीएसआर फंड से 60 लाख रुपये मिले हैं। गंगापुर रोड के चौड़ीकरण का शासनादेश जारी हो चुका है, जबकि भूरारानी रोड और अटरिया मोड़ से इंदिरा कॉलोनी तक सड़क निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है।
महापौर ने कहा कि नगर निगम का लक्ष्य शहर की बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना और लोगों की समस्याओं का समाधान करना है। जारी किए गए टेंडरों के कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे कराए जाएंगे, ताकि शहरवासियों को विकास योजनाओं का लाभ मिल सके।


















