– किसान मेले की सफल कवरेज के लिए मीडिया प्रतिनिधियों को दिया धन्यवाद
– इंडिया नज़र ब्यूरो | पंतनगर – पंतनगर विश्वविद्यालय परिसर की करीब 30 किलोमीटर लंबी सड़कों के पुनर्निर्माण और कायाकल्प के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 28 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। कुलपति डॉ. शिवेन्द्र कुमार कश्यप ने इसके लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। कुलपति ने बताया कि पंतनगर के साथ नगला, बेनी, पत्थरचट्टा और मटकोटा क्षेत्र की पुरानी व जर्जर सड़कों का भी सुधार किया जाएगा। कई स्थानों पर कंक्रीट सड़कें और इंटरलॉकिंग टाइल्स के फुटपाथ बनाए जाएंगे। छात्रावासों से महाविद्यालयों तक जाने वाली पांच रेडियल सड़कों के दोनों ओर भी फुटपाथ प्रस्तावित हैं।
उन्होंने बताया कि पुराने छात्रावासों के मरम्मत और नए छात्रावासों के निर्माण के लिए भी सरकार से धनराशि मिलने की उम्मीद है। विश्वविद्यालय में एग्रीकल्चर रोड मैप, सीड हब, स्मार्ट कृषि, ड्रोन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और ‘लैब टू लैंड’ जैसी योजनाओं पर भी काम किया जा रहा है।
कुलपति ने 120वें अखिल भारतीय किसान मेले की सफल कवरेज के लिए प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया का आभार जताया। उन्होंने कहा कि मीडिया ने मेले में प्रदर्शित आधुनिक कृषि तकनीकों और नवाचारों को किसानों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विश्वविद्यालय अब किसानों को ‘सीड टू मार्केट’ व्यवस्था से जोड़ने पर विशेष ध्यान देगा।

















