– पुलिस लाइन में SSP अजय गणपति ने अधिकारियों और जवानों को दिए सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देश, ड्रोन से होगी निगरानी
– इंडिया नज़र ब्यूरो | किच्छा – किच्छा एवं सिरौलीकलां नगर पालिका चुनाव की मतगणना को लेकर ऊधमसिंहनगर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। मतगणना प्रक्रिया को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। मतगणना केंद्रों पर त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है।
मतगणना की तैयारियों को लेकर पुलिस लाइन में एसएसपी अजय गणपति की मौजूदगी में संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित की गई। बैठक में ADM, SP City, SDM, रिटर्निंग ऑफिसर (RO) और सभी पुलिस उपाधीक्षक (DSP) मौजूद रहे। अधिकारियों ने मतगणना स्थल की सुरक्षा, मतगणना एजेंटों के प्रवेश एवं निकासी, यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए

मतगणना को सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। सुरक्षा व्यवस्था में 2 ASP, 4 CO, 18 निरीक्षक, 72 उपनिरीक्षक, 11 महिला उपनिरीक्षक, 230 हेड कांस्टेबल/कांस्टेबल, 74 महिला कांस्टेबल और 22 ट्रैफिक पुलिसकर्मी लगाए गए हैं। इसके अलावा PAC की 3 कंपनियां भी तैनात रहेंगी। पुलिस ने संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थानों को चिन्हित कर वहां अतिरिक्त बल की तैनाती की है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत लगातार गश्त और सघन चेकिंग अभियान भी चलाया जा रहा है। मतगणना केंद्रों और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को हाईटेक बनाया गया है। पुलिस द्वारा ड्रोन कैमरों के माध्यम से मतगणना केंद्रों और संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी की जाएगी। किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई के लिए पुलिस बल को सतर्क रखा गया है।
मतगणना के दौरान अफवाह और भ्रामक सूचनाओं को फैलने से रोकने के लिए पुलिस की साइबर टीम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार निगरानी रख रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर भ्रामक खबर, अफवाह या आपत्तिजनक सामग्री फैलाकर माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी अजय गणपति ने ड्यूटी में तैनात अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि मतगणना प्रक्रिया के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतगणना में व्यवधान डालने, शांति व्यवस्था भंग करने अथवा अफवाह फैलाने की कोशिश करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य मतगणना प्रक्रिया को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण, पारदर्शी और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराना है।

















