– नामांकन के दौरान गले मिले दोनों मित्र, विधायक बोले—दिनेश का राज्यसभा जाना मेरे लिए गर्व और प्रसन्नता का विषय, निर्विरोध राज्यसभा जाने पर दी शुभकामनायें
– इंडिया नज़र ब्यूरो देहरादून – भारतीय जनता पार्टी की ओर से उत्तराखंड से राज्यसभा के लिए घोषित प्रत्याशी दिनेश आर्य ने मंगलवार को देहरादून स्थित उत्तराखंड विधानसभा में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, सांसद, मंत्री, विधायक एवं भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।
नामांकन की प्रक्रिया में रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा ने अपने बाल सखा दिनेश आर्य के प्रस्तावक के रूप में नामांकन पत्र पर हस्ताक्षर किए। इस दौरान दोनों की वर्षों पुरानी मित्रता भी देखने को मिली। नामांकन के बाद शिव अरोरा और दिनेश आर्य ने एक-दूसरे को गले लगाकर खुशी का इजहार किया।

विधायक शिव अरोरा ने कहा कि दिनेश आर्य का उत्तराखंड से राज्यसभा प्रत्याशी बनना उनके लिए व्यक्तिगत रूप से बेहद प्रसन्नता और गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि दिनेश आर्य उनके बाल सखा हैं और लंबे समय से दोनों ने संगठन में साथ काम किया है। ऐसे में उनके नामांकन में स्वयं प्रस्तावक बनना उनके लिए विशेष भावनात्मक क्षण है।
उन्होंने कहा कि दिनेश आर्य ने भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय सचिव एवं पंजाब प्रभारी के रूप में भी उन्होंने संगठन का काम किया। इसके बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से जुड़ी जनसंपर्क संबंधी जिम्मेदारी निभाई और वर्तमान में राज्य स्तरीय पेयजल अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष के रूप में राज्यमंत्री स्तर का दायित्व संभाल रहे हैं।
शिव अरोरा ने कहा कि दिनेश आर्य के सामने अभी तक किसी अन्य प्रत्याशी द्वारा नामांकन दाखिल नहीं किया गया है। ऐसे में उनका राज्यसभा जाना तय माना जा रहा है। उन्होंने दिनेश आर्य को राज्यसभा चुनाव के लिए अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उनके और उनके जैसे लंबे समय से संगठन में कार्य कर रहे कार्यकर्ताओं के लिए खुशी का अवसर है।

















