
– पहाड़ के नौजवान युवाओं को नशे की लत लगाने वाले 6 नशा तस्कर चढ़े ऊधम सिंह नगर पुलिस के हत्थे।
– बरेली से सस्ते दाम में नशीली सामग्री ले जाकर अल्मोड़ा, पिथौरागढ़ और नैनीताल के युवाओं को बना रहे थे नशेड़ी।
– पुलभट्टा थाने से पूर्व में गिरफ्तार नशा तस्कर से पूछताछ, व्हाट्स चैट और कॉल डिटेल से प्राप्त जानकारी के आधार पर की गई नशा तस्करों पर कार्यवाही।
– बहेड़ी से लेकर जनपद पिथौरागढ़ के झुलाघाट तक ड्रग सप्लायरों की चेन ध्वस्त करने में कामयाब हुई उधम सिंह नगर पुलिस
– इंडिया नज़र ब्यूरो रुद्रपुर – मुख्यमंत्री के नशा मुक्त उत्तराखंड अभियान के तहत एसएसपी अजय गणपति के नेतृत्व में ऊधम सिंह नगर पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी बरेली से नशीली सामग्री लाकर अल्मोड़ा, नैनीताल और पिथौरागढ़ के युवाओं तक पहुंचा रहे थे।
पुलिस के मुताबिक, 30 सितंबर को पुलभट्टा पुलिस ने बहेड़ी-ऊधम सिंह नगर बॉर्डर पर सद्दाम हुसैन को स्विफ्ट डिजायर कार के साथ पकड़ा था। तलाशी में उसके कब्जे से 150 प्रतिबंधित बुप्रेनॉर्फिन इंजेक्शन, दो मोबाइल फोन और 3,500 रुपये बरामद हुए थे। पूछताछ के दौरान उसके मोबाइल से मिले व्हाट्सऐप चैट और कॉल डिटेल के आधार पर पुलिस ने नशा तस्करी के नेटवर्क की पड़ताल शुरू की।

इसके बाद ऊधम सिंह नगर पुलिस की टीमों ने नैनीताल, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ में दबिश देकर कुल छह आरोपियों को एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22/29 के तहत गिरफ्तार किया। पुलिस का दावा है कि कार्रवाई से बहेड़ी से लेकर पिथौरागढ़ के झूलाघाट तक फैले ड्रग सप्लाई नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।
पूछताछ में आरोपियों ने बहेड़ी से स्मैक और नशीले इंजेक्शन खरीदकर पहाड़ी जिलों में सप्लाई करने की बात बताई। गिरफ्तार आरोपियों में अल्मोड़ा, हल्द्वानी, पिथौरागढ़ और झूलाघाट क्षेत्र के लोग शामिल हैं।
एसएसपी अजय गणपति ने आमजन से अपील की है कि नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार की जानकारी मिलने पर पुलिस को तत्काल सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

















