
– श्राद्ध पर टिप्पणी को लेकर कांग्रेस पर बरसे भाजपा प्रदेश प्रवक्ता चंडोक
– इंडिया नज़र ब्यूरो रुद्रपुर – मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के स्वर्गीय पिता के श्राद्ध को लेकर की गई कथित टिप्पणी के मामले में भाजपा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। रविवार को भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में प्रदेश प्रवक्ता गुरविंदर सिंह चंडोक ने कहा कि राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन दिवंगत परिजनों और धार्मिक आस्थाओं को राजनीतिक विवाद का हिस्सा बनाना उचित नहीं है।
चंडोक ने कहा कि श्राद्ध सनातन परंपरा में दिवंगत पूर्वजों के प्रति श्रद्धा, स्मरण और तर्पण का पवित्र संस्कार है। ऐसे धार्मिक संस्कार को लेकर टिप्पणी करना केवल राजनीतिक मर्यादा का विषय नहीं, बल्कि आस्था और सामाजिक संवेदनशीलता से भी जुड़ा मामला है। उन्होंने कांग्रेस से स्पष्ट करने को कहा कि राजनीतिक विरोध के नाम पर परिवार और सनातन परंपराओं को निशाना बनाने की आवश्यकता क्यों पड़ रही है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की ओर से अक्सर ‘मोहब्बत की दुकान’ की बात की जाती है, लेकिन भाजपा का आरोप है कि राजनीतिक विरोधियों के परिवार और परिजनों को लेकर की जाने वाली टिप्पणियां इस दावे पर सवाल खड़े करती हैं। चंडोक ने कहा कि राजनीतिक असहमति को व्यक्तिगत कटुता में बदलने के बजाय मुद्दों और नीतियों पर बहस होनी चाहिए।
चंडोक ने कहा कि भाजपा की राजनीति ‘सेवा, सुशासन और संस्कार’ के मूल भाव पर आधारित है। राजनीतिक संघर्ष मुद्दों पर होना चाहिए, व्यक्तिगत हमलों पर नहीं और लोकतांत्रिक बहस तथ्यों व मर्यादा के साथ आगे बढ़नी चाहिए। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की सामाजिक परंपरा भी राजनीतिक मतभेदों के बावजूद आपसी सम्मान और मर्यादा बनाए रखने की रही है।
पत्रकार वार्ता में प्रदेश प्रवक्ता गुरविंदर चंडोक , जिला महामंत्री तरुण दत्ता , जिला मीडिया संयोजक विजय तोमर, जिला मंत्री प्रमोद मित्तल, कार्यालय प्रभारी मोर सिंह , सह प्रभारी सुरेन्द्र चौधरी मौजूद रहे!

















