– इंडिया नज़र ब्यूरो नैनीताल – कैंची धाम से दर्शन कर लौट रहे हरियाणा के पर्यटकों की स्कॉर्पियो शनिवार देर शाम नैनीताल जिले के भूमियाधार क्षेत्र में अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में एक पर्यटक की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि पर्यटक कैंची धाम से घूमने के बाद स्कॉर्पियो से लौट रहे थे। भूमियाधार के पास वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरा। स्थानीय लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और खाई में रेस्क्यू अभियान शुरू किया। अंधेरा और खाई की गहराई अधिक होने के कारण राहत-बचाव कार्य में काफी मशक्कत करनी पड़ी। करीब दो से तीन घंटे चले अभियान के बाद घायलों और मृतक को खाई से बाहर निकाला गया। घायलों को उपचार के लिए भवाली अस्पताल भेजा गया।
पुलिस के अनुसार हादसे में जान गंवाने वाला व्यक्ति हरियाणा का निवासी बताया जा रहा है। मृतक की पहचान की प्रक्रिया की जा रही है, जबकि घायलों का उपचार कराया जा रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने की बात सामने आई है।
गौरतलब है कि गांधी जयंती के लंबे वीकेंड के चलते नैनीताल और कैंची धाम क्षेत्र में पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी हुई है। शनिवार को कैंची धाम और आसपास के मार्गों पर यातायात का दबाव भी काफी बढ़ा रहा।

















