– गाजे-बाजे और पुष्पवर्षा के बीच हुआ भव्य स्वागत, महापौर ने निभाई राजा जनक की भूमिका
– इंडिया नज़र ब्यूरो, रुद्रपुर – श्री श्री शिव मंदिर चौरासी घंटा कमेटी की ओर से रम्पुरा में आयोजित रामलीला के तहत निकाली गई भव्य श्रीराम बारात का नगर निगम परिसर में पहली बार जोरदार स्वागत किया गया। बारात के पहुंचते ही पूरा परिसर जय श्रीराम और हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज उठा। गाजे-बाजे, भजन-कीर्तन, पुष्पवर्षा और आतिशबाजी के बीच नगर निगम परिसर को जनकपुरी के रूप में सजाया गया।
भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न घोड़ों पर सवार होकर पहुंचे, जबकि राजा दशरथ सहित अन्य पात्र रथनुमा वाहनों में पहुंचे। महापौर विकास शर्मा की अगुवाई में अधिकारियों, कर्मचारियों और पार्षदों ने बारात का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। महापौर ने राजा जनक की भूमिका निभाते हुए श्रीराम सहित बारात में शामिल सभी लोगों का स्वागत किया और श्रीराम-सीता विवाह की रस्मों में हिस्सा लिया। इस दौरान भगवान श्रीराम और माता सीता की आरती की गई तथा महापौर ने कन्यादान की रस्म भी निभाई।

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि नगर निगम परिसर में पहली बार श्रीराम बारात का आगमन शहर के लिए गौरव और सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन सत्य, मर्यादा, त्याग और कर्तव्य का संदेश देता है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का माध्यम हैं।
उन्होंने कहा कि रुद्रपुर की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने के लिए नगर निगम की ओर से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। शहर में त्रिशूल चौक के बाद डमरू चौक और शिव कॉरिडोर जैसी योजनाओं पर काम किया जा रहा है। गांधी पार्क को श्रीराम पार्क के रूप में विकसित करने तथा राम आर्य पार्क, चौरासी घंटा मंदिर और रम्पुरा क्षेत्र के अन्य मंदिरों के सौंदर्यीकरण की दिशा में भी कार्य किया जाएगा।
महापौर ने रामलीला कमेटी को हरसंभव सहयोग का आश्वासन देते हुए घोषणा की कि अब हर वर्ष नगर निगम परिसर में श्रीराम बारात का स्वागत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शहर के सभी पर्व और त्योहार आपसी भाईचारे एवं सौहार्द के साथ मिल-जुलकर मनाए जाएंगे।कार्यक्रम का संचालन समाजसेवी पवन गावा ने किया।

















