– पर्यावरण मित्रों सहित शहरवासियों ने कराया स्वास्थ्य परीक्षण
– इंडिया नज़र ब्यूरो रुद्रपुर – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत बुधवार को नगर निगम सभागार में निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ महापौर विकास शर्मा ने किया। शिविर में नगर निगम के पर्यावरण मित्रों, कर्मचारियों, पार्षदों, व्यापारियों सहित बड़ी संख्या में शहरवासियों ने पहुंचकर अपने स्वास्थ्य की जांच कराई।
शिविर में चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों ने लोगों की बीपी, शुगर सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांचें कीं। आयुर्वेदिक चिकित्सा से जुड़ी सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं। स्वास्थ्य परीक्षण के साथ चिकित्सकों ने लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, खान-पान में सावधानी बरतने तथा नियमित स्वास्थ्य जांच कराने के संबंध में आवश्यक सुझाव दिए। जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क दवाएं भी वितरित की गईं।

इस अवसर पर महापौर विकास शर्मा ने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक निरंतर समाज के विभिन्न वर्गों तक सेवा पहुंचाने के उद्देश्य से अनेक सेवा कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में नगर निगम में पर्यावरण मित्रों, कर्मचारियों और शहरवासियों के लिए यह निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया है।
उन्होंने कहा कि पर्यावरण मित्र शहर को स्वच्छ और स्वस्थ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। दिन-रात मेहनत करने वाले इन कर्मचारियों के स्वास्थ्य का ध्यान रखना भी हमारी जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य से शिविर में आयुर्वेदिक चिकित्सा के साथ बीपी, शुगर और अन्य आवश्यक स्वास्थ्य जांच की सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। नगर निगम के कर्मचारी, पर्यावरण मित्र, पार्षद, व्यापारी और शहर के विभिन्न क्षेत्रों से लोग शिविर में पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण करा रहे हैं।

भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2047 तक विकसित भारत का संकल्प देश के सामने रखा है। यह लक्ष्य केवल सरकार के प्रयासों से पूरा नहीं होगा, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक की भागीदारी से साकार होगा। प्रधानमंत्री का यह संदेश कि देश की 140 करोड़ जनता यदि एक-एक कदम आगे बढ़ेगी तो भारत 140 करोड़ कदम आगे बढ़ेगा, हम सभी को सेवा और जिम्मेदारी की भावना के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
शिविर में स्वास्थ्य परीक्षण के लिए पहुंचे लोगों को चिकित्सकों ने आवश्यक परामर्श देने के साथ स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए जागरूक किया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल,दर्जा राज्य मंत्री उत्तम दत्ता, सहायक नगर अयुक्त रणदीप, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. पियूष्ज्ञ रंजन, राजू नबियाल, दिलीप अधिकारी, पार्षद चिराग कालरा आदि समेत तमाम लोग मौजूद थे।

















