– इंडिया नज़र ब्यूरो रुद्रपुर – मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार और केंद्र सरकार के खिलाफ कांग्रेसियों ने सोमवार को रुद्रपुर में सड़कों पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने निर्वाचन आयोग पर पक्षपात और लोकतंत्र की हत्या के गंभीर आरोप लगाते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार की प्रतीकात्मक शव यात्रा निकाली और डीडी चौक पर जमकर नारेबाजी के बीच पुतला दहन किया।
सोमवार को भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता रुद्रपुर स्थित सिटी क्लब में एकत्र हुए। यहां आयोजित बैठक में कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और निर्वाचन आयोग की नीतियों के खिलाफ जमकर अपनी भड़ास निकाली। इसके बाद सिटी क्लब से डीडी चौक तक एक विशाल विरोध जुलूस और शव यात्रा निकाली गयी। जुलूस के दौरान कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां और मुख्य निर्वाचन आयुक्त का पुतला लेकर सरकार विरोधी नारे लगाते हुए आगे बढ़े। डीडी चौक पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने उग्र प्रदर्शन करते हुए पुतले में आग लगा दी। प्रदर्शन के पश्चात सभी कांग्रेसी कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां उपजिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति को संबोधित एक ज्ञापन सौंपा गया।

जुलूस और प्रदर्शन के दौरान उत्तराखंड विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने केंद्र सरकार पर सीधा हमला बोलते हुए कहा, देश में संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग अपने चरम पर है। निर्वाचन आयोग निष्पक्ष चुनाव कराने की अपनी जिम्मेदारी से भटक कर सत्ताधारी दल की कठपुतली की तरह काम कर रहा है। जब देश की मुख्य निर्वाचन प्रणाली ही संदिग्ध हो जाएगी, तो लोकतंत्र का अस्तित्व खतरे में पड़ जाएगा। कांग्रेस पार्टी देश के संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए सड़क से लेकर संसद तक संघर्ष करती रहेगी।

उत्तराखंड कांग्रेस के सह-प्रभारी मनोज यादव ने प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए कहा, ष्मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का रवैया पूरी तरह से पक्षपातपूर्ण है। विपक्षी दलों की जायज मांगों और शिकायतों को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है, जबकि सत्ता पक्ष को खुलेआम छूट दी जा रही है। जनता अब इस तानाशाही को बर्दाश्त नहीं करेगी और कांग्रेस का यह आंदोलन जनता की आवाज बनकर उभरेगा।ष्
इस विशाल विरोध प्रदर्शन में जिला अध्यक्ष हिमांशु गाबा, पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, विधायक गोपाल सिंह राणा, विधायक भुवन कापड़ी, विधायक आदेश चौहान, पूर्व विधायक नारायण पाल, संदीप चीमा, रुद्रपुर कांग्रेस महानगर अध्यक्ष ममता रानी, पुष्कर राज जैन, अलका पाल, गौरव बेहड़, संजय जुनेजा, सुमित्रा भुल्लर, रईस अहमद, हरभजन सिंह विर्क, पूर्व विधायक प्रेमानंद महाजन सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

















