– दीनदयाल उपाध्याय जयंती पर नगर निगम में वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान, डिजिटल लाइब्रेरी में बनेगा विशेष स्थान
– इंडिया नज़र ब्यूरोरुद्रपुर – पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर नगर निगम सभागार में महापौर विकास शर्मा की ओर से वरिष्ठजन सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शहर के विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं व्यापारिक संगठनों से जुड़े वरिष्ठ नागरिकों को माल्यार्पण, शॉल एवं सम्मान पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर महापौर विकास शर्मा ने घोषणा की कि नगर निगम की ओर से तैयार की जा रही डिजिटल लाइब्रेरी एवं ट्रेनिंग सेंटर में वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष स्थान विकसित किया जाएगा। यहां बुजुर्ग खाली समय में बैठने, आपस में संवाद करने और मनोरंजन की सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे।

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि किसी भी शहर का विकास केवल सड़क, नाली और भवन निर्माण तक सीमित नहीं होता। शहर को बेहतर बनाने में वर्षों का अनुभव रखने वाले वरिष्ठ नागरिकों के सुझाव और मार्गदर्शन भी महत्वपूर्ण हैं। नगर निगम समय-समय पर वरिष्ठजनों से संवाद कर उनके सुझावों को शहर के विकास और जनसुविधाओं से जोड़ने का प्रयास करेगा।
उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके अनुभव को नई पीढ़ी के उत्साह और तकनीकी ज्ञान के साथ जोड़ा जाए तो इसका लाभ पूरे शहर और समाज को मिल सकता है।
महापौर ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में रुद्रपुर में विकास कार्यों को गति दी जा रही है। गंगापुर रोड के चौड़ीकरण को शासन से स्वीकृति मिल चुकी है, जबकि भूरारानी रोड और अटरिया रोड के चौड़ीकरण के प्रस्ताव भी आगे बढ़ाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नगर निगम का प्रयास है कि शहर का कोई भी क्षेत्र विकास से अछूता न रहे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का अंत्योदय का विचार समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों के अनुभव और संस्कार नई पीढ़ी के लिए मार्गदर्शक हैं। ऐसे कार्यक्रम वरिष्ठजनों को समाज और विकास की प्रक्रिया से जोड़ने का माध्यम बनने चाहिए।
कार्यक्रम में जिला महामंत्री तरुण दत्ता, वरिष्ठ भाजपा नेता वेद ठुकराल सहित अन्य पदाधिकारी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे। संचालन सतीश अरोरा ने किया।

















