– मौके से GST अधिकारी राहुल चंद्रा से फोन पर की वार्ता, उच्च अधिकारियों और मुख्यमंत्री धामी के समक्ष मामला रखने का दिया भरोसा
– इलेक्ट्रॉनिक व्यापारियों के धरने में पहुंचे विधायक शिव अरोरा, बोले- भय का माहौल बनाने वाली GST कार्रवाई रुद्रपुर में नहीं चलेगी
– इंडिया नज़र ब्यूरो रुद्रपुर। त्योहारी सीजन से पहले विधवानी मार्केट में जीएसटी विभाग की कार्रवाई को लेकर इलेक्ट्रॉनिक एसोसिएशन के बैनर तले धरने पर बैठे व्यापारियों के बीच रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा पहुंचे। विधायक ने व्यापारियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और मामले को उच्च स्तर तक पहुंचाने का भरोसा दिलाया।
व्यापारियों ने विधायक को बताया कि त्योहारी सीजन के दौरान दुकानों पर जीएसटी विभाग की कार्रवाई से व्यापारियों में भय और असमंजस का माहौल बन रहा है। व्यापारियों ने कहा कि जांच आवश्यक होने पर वे नियमों के अनुसार पूरा सहयोग करने को तैयार हैं, लेकिन कार्रवाई की प्रक्रिया को लेकर उनकी आपत्ति है।
व्यापारियों की शिकायत सुनने के बाद विधायक शिव अरोरा ने मौके से ही जीएसटी अधिकारी राहुल चंद्रा से फोन पर वार्ता की। उन्होंने कहा कि कानून और नियमों के तहत जांच पर किसी को आपत्ति नहीं है, लेकिन कार्रवाई ऐसी होनी चाहिए जिससे व्यापारियों में अनावश्यक भय का वातावरण न बने।
विधायक ने कहा कि यदि विभाग को किसी व्यापारी से जानकारी या दस्तावेज चाहिए तो नियमानुसार नोटिस देकर कार्यालय बुलाया जा सकता है। व्यापारी अपने वकील अथवा सीए के माध्यम से विभाग को जवाब देने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का राजस्व बढ़े, इसमें व्यापारियों को कोई समस्या नहीं है, लेकिन ईमानदारी से कारोबार करने वाले व्यापारियों के बीच भय का माहौल पैदा होना उचित नहीं है।
शिव अरोरा ने कहा कि वह इस मामले को जीएसटी विभाग के उच्च अधिकारियों के समक्ष रखेंगे और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भी व्यापारियों की समस्या पर वार्ता करेंगे। उन्होंने व्यापारियों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं को मजबूती से सरकार तक पहुंचाया जाएगा।
विधायक ने कहा कि रुद्रपुर का व्यापारी वर्ग शहर की आर्थिक गतिविधियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। त्योहारी सीजन व्यापारियों के लिए महत्वपूर्ण होता है और इस दौरान उन्हें अपने कारोबार पर ध्यान देने का अवसर मिलना चाहिए।
विधायक के धरना स्थल पर पहुंचने और मौके से ही जीएसटी अधिकारी से वार्ता करने के बाद व्यापारियों ने अपनी समस्याओं के समाधान को लेकर भरोसा जताया।

















