– जिला अध्यक्ष हिमांशु गाबा ने तस्लीम रजा को सौंपा नियुक्ति पत्र, बोले—युवाओं को कांग्रेस से जोड़कर संगठन को किया जाएगा मजबूत
– इंडिया नज़र ब्यूरोकिच्छा – नगर पालिका परिषद सिरौली कला क्षेत्र में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से पार्टी ने तस्लीम रजा को नई जिम्मेदारी सौंपी है। कांग्रेस के जिला अध्यक्ष हिमांशु गाबा ने तस्लीम रजा को नगर पालिका परिषद सिरौली कला क्षेत्र का कार्यवाहक अध्यक्ष नियुक्त किया है।
सिरौली कला पहुंचे कांग्रेस जिला अध्यक्ष हिमांशु गाबा ने तस्लीम रजा को विधिवत नियुक्ति पत्र सौंपकर उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।

नियुक्ति पत्र सौंपते हुए जिला अध्यक्ष हिमांशु गाबा ने कहा कि तस्लीम रजा पार्टी की नीतियों और विचारधारा को क्षेत्र के लोगों तक पहुंचाने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के साथ ही युवाओं को कांग्रेस से जोड़ने पर विशेष जोर दिया जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि तस्लीम रजा सक्रियता के साथ अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए क्षेत्र में कांग्रेस संगठन को मजबूती प्रदान करेंगे।
इस अवसर पर कांग्रेस नेता एन.यू. खान ने जिला अध्यक्ष हिमांशु गाबा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि तस्लीम रजा को यह जिम्मेदारी मिलने से सिरौली कला क्षेत्र में पार्टी संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को एकजुट कर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए सभी मिलकर काम करेंगे।

नवनियुक्त कार्यवाहक अध्यक्ष तस्लीम रजा ने जिला अध्यक्ष हिमांशु गाबा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी ने जो जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है, उसका वह पूरी निष्ठा और सक्रियता के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने और अधिक से अधिक युवाओं को संगठन से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
इस दौरान कांग्रेस प्रत्याशी के पति सईदुल रहमान, हसनैन मलिक, पूर्व जिला अध्यक्ष नारायण पाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

















