– चम्पावत से चरस खरीदकर नैनीताल और ऊधमसिंहनगर में करते थे सप्लाई, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई गई
– इंडिया नज़र ब्यूरो रुद्रपुर/नैनीताल – राज्य को नशामुक्त बनाने के अभियान के तहत स्पेशल टास्क फोर्स (STF) कुमाऊं यूनिट ने थाना काठगोदाम पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो कथित नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। टीम ने आरोपियों के कब्जे से 1 किलो 150 ग्राम चरस बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई गई है। बरामद चरस व्यवसायिक मात्रा की बताई जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक STF के निर्देश पर राज्य में नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए STF की विभिन्न यूनिटों द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में STF कुमाऊं यूनिट ने तकनीकी और मैनुअल इनपुट विकसित कर नशा तस्करी से जुड़ी गतिविधियों के संबंध में जानकारी जुटाई।
मिली सटीक सूचना के आधार पर STF कुमाऊं यूनिट और थाना काठगोदाम पुलिस की संयुक्त टीम ने काठगोदाम थाना क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर दो आरोपियों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 1 किलो 150 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे जनपद चम्पावत के पर्वतीय क्षेत्र से चरस खरीदकर लाते थे और उसे ऊंचे दामों पर नैनीताल एवं ऊधमसिंहनगर जनपदों में बेचते थे। STF अब इस पूरे नेटवर्क के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की जानकारी जुटा रही है, ताकि नशे की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंच बनाई जा सके।
STF अधिकारियों के मुताबिक कुमाऊं क्षेत्र में पर्वतीय जनपदों से अवैध चरस की तस्करी को लेकर लंबे समय से इनपुट प्राप्त हो रहे थे। इन सूचनाओं के आधार पर STF कुमाऊं यूनिट को प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। संयुक्त ऑपरेशन के दौरान दोनों आरोपियों को व्यवसायिक मात्रा में चरस के साथ गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनोज चंद्र, पुत्र भवानी दत्त भट्ट, निवासी ग्राम बामन चापड़, तहसील एवं थाना पाटी, जनपद चम्पावत। संजय चंद्र, पुत्र जगदीश चंद्र, निवासी ग्राम अनरपा, तहसील एवं थाना पाटी, जनपद चम्पावत के रूप में हुई है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 1 किलो 150 ग्राम चरस के अलावा तस्करी में प्रयुक्त बताई जा रही स्कूटी संख्या UK04 TB 8402 भी बरामद की गई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना काठगोदाम में संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। STF द्वारा आरोपियों से पूछताछ के आधार पर नशे के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
STF अधिकारियों ने कहा कि राज्य में नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और नशा तस्करी के नेटवर्क को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

















