– इंडिया नज़र ब्यूरो किच्छा – नगर निकाय चुनाव को लेकर किच्छा में राजनीतिक सरगर्मियां लगातार तेज होती जा रही हैं। नगर पालिका परिषद किच्छा के अध्यक्ष पद के निर्दलीय प्रत्याशी अब्दुल रशीद जक्कू के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन बुधवार को विधिवत रूप से किया गया। प्रत्याशी अब्दुल रशीद जक्कू ने फीता काटकर चुनाव कार्यालय का उद्घाटन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में समर्थक और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
कार्यालय उद्घाटन के अवसर पर समर्थकों ने प्रत्याशी के समर्थन में नारेबाजी की और चुनाव में मजबूती से जुटने का संकल्प लिया। प्रत्याशी अब्दुल रशीद जक्कू ने कहा कि वह चुनाव जनता के मुद्दों और नगर के विकास को लेकर लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि किच्छा नगर में आज भी कई बुनियादी समस्याएं लोगों के सामने हैं, जिनका स्थायी समाधान किया जाना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि नगर की सबसे बड़ी समस्याओं में जलभराव, नालियों की सफाई, खराब सड़कें, पेयजल व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, साफ-सफाई और यातायात व्यवस्था प्रमुख हैं। कई क्षेत्रों में बारिश के दौरान जलभराव की समस्या से लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है। वहीं, सड़कों और नालियों की स्थिति में सुधार की भी जरूरत है। उन्होंने कहा कि नगर के सभी वार्डों में समान रूप से विकास कार्य कराना उनकी प्राथमिकता होगी।
अब्दुल रशीद जक्कू ने कांग्रेस पर उनके साथ राजनीतिक रूप से धोखा किए जाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उन्होंने कांग्रेस से अध्यक्ष पद के लिए टिकट मांगा था, लेकिन पार्टी ने उन्हें प्रत्याशी नहीं बनाया। इसके बाद उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतरने का निर्णय लिया।
उन्होंने कहा, “मैंने कांग्रेस से टिकट मांगा था, लेकिन मुझे टिकट नहीं दिया गया। इसके बाद मैंने जनता के बीच जाकर चुनाव लड़ने का फैसला किया है। मेरा चुनाव किसी व्यक्ति के खिलाफ नहीं, बल्कि किच्छा के विकास और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए है। जनता ने मौका दिया तो नगर के प्रत्येक वार्ड की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर कराने का प्रयास करूंगा।”
जक्कू ने कहा कि नगर पालिका क्षेत्र में विकास कार्यों को पारदर्शिता के साथ आगे बढ़ाया जाना चाहिए और जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर पालिका की पहली जिम्मेदारी होनी चाहिए। उन्होंने मतदाताओं से अपने पक्ष में समर्थन देने की अपील की।

पुत्र जावेद मलिक ने कांग्रेस पर साधा निशाना
इस मौके पर अब्दुल रशीद जक्कू के पुत्र जावेद मलिक ने भी कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस लंबे समय से मुस्लिम समाज के वोटों का इस्तेमाल करती रही है, लेकिन चुनाव के बाद समाज की समस्याओं और अपेक्षाओं पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जाता।
जावेद मलिक ने कहा, “कांग्रेस मुस्लिम समाज से वोट तो लेती है, लेकिन जब प्रतिनिधित्व देने की बात आती है तो समाज की उपेक्षा की जाती है। इस बार जनता के सामने विकल्प मौजूद है। हमारे पिता ने जनता के बीच रहकर काम किया है और अब वह नगर के विकास के मुद्दे को लेकर चुनाव मैदान में हैं।” उन्होंने कहा कि चुनाव में जनता विकास, रोजगार, सफाई, सड़क, नाली, पेयजल और अन्य स्थानीय मुद्दों को ध्यान में रखकर मतदान करेगी।
कार्यालय उद्घाटन के दौरान समर्थकों ने चुनाव प्रचार को लेकर रणनीति पर चर्चा की और अलग-अलग वार्डों में जनसंपर्क अभियान तेज करने की बात कही। कार्यक्रम में समर्थकों ने अब्दुल रशीद जक्कू को चुनाव में समर्थन देने की अपील भी की।



















