– इंडिया नज़र ब्यूरो किच्छा – नगर निकाय चुनाव को लेकर किच्छा में राजनीतिक सरगर्मियां लगातार तेज होती जा रही हैं। प्रत्याशी अपने-अपने वार्डों में जनसंपर्क कर मतदाताओं से समर्थन और वोट की अपील कर रहे हैं। इसी क्रम में वार्ड नंबर 13 से भाजपा के सभासद प्रत्याशी सौरभ अरोरा ने समर्थकों के साथ घर-घर जाकर जनसंपर्क किया और मतदाताओं से अपने पक्ष में मतदान करने की अपील की।
जनसंपर्क अभियान के दौरान सौरभ अरोरा के समर्थकों ने भाजपा के समर्थन में नारेबाजी करते हुए मतदाताओं से उन्हें विजयी बनाने की अपील की। सौरभ अरोरा ने लोगों से मुलाकात कर वार्ड की समस्याओं को सुना और चुनाव जीतने के बाद उनके समाधान के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्य करने का भरोसा दिलाया।

भाजपा सभासद प्रत्याशी सौरभ अरोरा ने कहा कि वह केवल चुनाव लड़ने के लिए नहीं, बल्कि अपने वार्ड की समस्याओं के समाधान और क्षेत्र के विकास की सोच के साथ जनता के बीच पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि वार्ड में सड़क, नाली, जल निकासी, साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट और नियमित कूड़ा उठान जैसी मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी तरीके से काम करने की आवश्यकता है .
उन्होंने कहा कि यदि जनता उन्हें अपना आशीर्वाद देकर सभासद चुनती है तो वार्ड की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित अधिकारियों और नगर पालिका के समक्ष उठाया जाएगा। उनका प्रयास रहेगा कि वार्ड में विकास कार्य केवल कागजों तक सीमित न रहें, बल्कि धरातल पर दिखाई दें।

सौरभ अरोरा ने कहा, “मेरा उद्देश्य अपने वार्ड को बेहतर और व्यवस्थित बनाना है। वार्ड की जो भी मूलभूत समस्याएं हैं, उन्हें चिन्हित कर प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराने का प्रयास करूंगा। सड़क, नाली, जल निकासी, सफाई और स्ट्रीट लाइट जैसी व्यवस्थाओं को बेहतर करना मेरी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। मैं जनता के बीच विकास और सेवा के संकल्प के साथ वोट मांग रहा हूं।”
उन्होंने कहा कि उनका परिवार लंबे समय से सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों से जुड़ा रहा है और अब वह स्वयं भी अपने वार्ड के लोगों के बीच रहकर उनकी सेवा करना चाहते हैं। उन्होंने मतदाताओं से विकास और बेहतर जनप्रतिनिधित्व के लिए उन्हें समर्थन देने की अपील की।
सौरभ अरोरा के समर्थन में वरिष्ठ भाजपा नेता सुरेश पपनेजा भी चुनाव प्रचार में शामिल हुए। उन्होंने वार्ड के मतदाताओं से मुलाकात कर भाजपा प्रत्याशी सौरभ अरोरा के पक्ष में मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए मजबूत और सक्रिय जनप्रतिनिधि की आवश्यकता है।
वहीं, व्यापार मंडल के नितिन फुटेला ने भी सौरभ अरोरा के समर्थन में मतदाताओं से संपर्क किया और उन्हें अपना समर्थन देते हुए भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
चुनाव प्रचार के दौरान समर्थकों की मौजूदगी से वार्ड नंबर 13 में चुनावी माहौल खासा गर्म नजर आया। आने वाले दिनों में प्रचार अभियान के और तेज होने की संभावना है।



















