– इंडिया नज़र ब्यूरो रुद्रपुर – रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा को उस समय बड़ी मजबूती मिली, जब बूरानगर के उपप्रधान पति एवं समाजसेवी जगराज सिंह उर्फ जग्गा प्रधान ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। विधायक शिव अरोरा ने सभी नए सदस्यों का भाजपा का पटका पहनाकर पार्टी परिवार में स्वागत किया।
इस अवसर पर विधायक शिव अरोरा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में देश और प्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र में भी सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, जल निकासी सहित विभिन्न क्षेत्रों में लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं।
विधायक ने कहा कि भाजपा की नीतियों और विकास कार्यों से प्रभावित होकर बड़ी संख्या में लोग पार्टी से जुड़ रहे हैं। जगराज सिंह के भाजपा में शामिल होने से बूरानगर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में संगठन को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि जग्गा प्रधान की सामाजिक सक्रियता और क्षेत्र में मजबूत जनसंपर्क का लाभ पार्टी संगठन को मिलेगा।
शिव अरोरा ने कहा कि वह जग्गा प्रधान और उनके साथ भाजपा में शामिल हुए सभी नए साथियों के साथ पूरी मजबूती से खड़े हैं। बूरानगर क्षेत्र के विकास को और गति देने के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भाजपा का संगठन और मजबूत होगा तथा पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में और अधिक मजबूती के साथ जनता के बीच जाएगी।
वहीं भाजपा में शामिल हुए जगराज सिंह उर्फ जग्गा प्रधान ने कहा कि विधायक शिव अरोरा के नेतृत्व में क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों से प्रभावित होकर उन्होंने भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने का निर्णय लिया है। उन्होंने पार्टी की रीति-नीति को आगे बढ़ाने और संगठन को मजबूत करने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष जगदीश विश्वास, भाजपा नेता सुरेश कंबोज, गदरपुर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि प्रीत ग्रोवर, किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष राजेश बजाज, प्रधान राजकुमार सैनी, प्रधान डॉ. सुमंगल, मुकेश कुमार सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।



















