– इंडिया नज़र ब्यूरो पंतनगर – पंतनगर हवाई अड्डे पर विमान अपहरण जैसी गंभीर आपात स्थिति से निपटने के लिए Anti-Hijacking Mock Exercise का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। यह अभ्यास नागर विमानन सुरक्षा ब्यूरो (BCAS) के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों और संबंधित विभागों की आपातकालीन तैयारियों, आपसी समन्वय, संचार व्यवस्था और प्रतिक्रिया समय को परखना था।
मॉक एक्सरसाइज के दौरान पंतनगर एयरपोर्ट पर विमान अपहरण की काल्पनिक स्थिति उत्पन्न कर Full Emergency घोषित की गई। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस, खुफिया एजेंसियों, ATS, फायर सर्विस और मेडिकल टीम समेत विभिन्न विभागों की टीमें निर्धारित प्रक्रिया के तहत मौके पर पहुंचीं और अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन किया।

अभ्यास में भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI), जिला प्रशासन एवं DDMA, राज्य पुलिस, आसूचना ब्यूरो (IB), स्थानीय अभिसूचना इकाई (LIU), आतंकवाद निरोधक दस्ता (ATS), पंतनगर थाना पुलिस, फायर सर्विस, जिला अस्पताल एवं जी.बी. पंत विश्वविद्यालय की मेडिकल टीम के साथ Negotiator, भाषाविद्, मनोचिकित्सक और अन्य विशेषज्ञों ने सहभागिता की।
मॉक एक्सरसाइज के दौरान सभी टीमों ने निर्धारित Standard Operating Procedures (SOPs) के अनुसार कार्रवाई करते हुए काल्पनिक स्थिति को नियंत्रित करने, यात्रियों और अन्य लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा जरूरत पड़ने पर तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने का अभ्यास किया।
अभ्यास के दौरान एयरपोर्ट सिक्योरिटी, एयर ट्रैफिक कंट्रोल, ऑपरेशनल टीम, एयरलाइंस और ग्राउंड हैंडलिंग एजेंसियों के बीच भी समन्वय की स्थिति को परखा गया। अधिकारियों ने आपात स्थिति में त्वरित निर्णय लेने और विभिन्न एजेंसियों के बीच प्रभावी संचार को भी अभ्यास का अहम हिस्सा बनाया।
मॉक एक्सरसाइज के माध्यम से सुरक्षा एजेंसियों की तैयारियों और आपातकालीन प्रतिक्रिया व्यवस्था का परीक्षण किया गया। साथ ही, विमान अपहरण जैसी किसी भी आकस्मिक स्थिति में त्वरित, प्रभावी और समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक बिंदुओं की समीक्षा भी की गई।



















