– इंडिया नजर ब्यूरो | रुद्रपुर – श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की पूर्व संध्या पर रुद्रपुर पूरी तरह कृष्ण भक्ति में डूबा नजर आया। सनातन धर्म सभा पंच मंदिर के तत्वावधान में निकाली गई भव्य श्रीकृष्ण जन्माष्टमी शोभायात्रा में विधायक शिव अरोड़ा समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। शोभा यात्रा भगत सिंह चौक, गल्ला मंडी, त्रिशूल चौक, डीडी चौक और मुख्य बाजार सहित शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पंच मंदिर पहुंची। रास्तेभर सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों, व्यापारियों और श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया और प्रसाद वितरित किया।
शोभायात्रा में बाल श्रीकृष्ण, राधा-कृष्ण और भगवान श्रीकृष्ण की विभिन्न लीलाओं पर आधारित आकर्षक झांकियां लोगों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। “जय श्रीकृष्ण” और “राधे-राधे” के जयघोष से पूरा शहर गूंजता रहा। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक श्रद्धालुओं में खासा उत्साह दिखाई दिया। पंच मंदिर पहुंचने पर सनातन धर्म सभा की ओर से विधायक शिव अरोड़ा का पगड़ी पहनाकर स्वागत और सम्मान किया गया।

विधायक ने भगवान श्रीकृष्ण के चरणों में नमन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। शिव अरोड़ा ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी केवल धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि धर्म, सत्य, कर्तव्य और मानवता का संदेश देने वाला महापर्व है। ऐसे आयोजन समाज को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने के साथ सामाजिक एकता को भी मजबूत करते हैं। भव्य झांकियों, जयघोष और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच रुद्रपुर की सड़कों पर देर शाम तक कृष्ण भक्ति की अद्भुत छटा देखने को मिली।

शोभायात्रा में विधायक तिलराज बेहड़, मेयर विकास शर्मा, दर्जामंत्री रामपाल, उत्तम दत्ता, पूर्व पालिका अध्यक्ष मीना शर्मा, अनिल शर्मा, अनिल चौहान, राजकुमार फूटेला, राजेश डाबर, पंकज बांगा, प्रीत ग्रोवर, मनोज छाबड़ा, संदीप राव, वेद ठुकराल, मनीष गगनेजा समेत सनातन धर्म सभा के पदाधिकारी, व्यापारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।




















