– इंडिया नज़र ब्यूरो रुद्रपुर – मौसम विभाग की ओर से जारी Orange/Yellow Alert और जिले में लगातार हो रही तेज बारिश को देखते हुए ऊधम सिंह नगर प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष नितिन भदौरिया ने जिले में 2 सितंबर 2026, बुधवार को सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया है।
जारी आदेश के मुताबिक, मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून ने 1 सितंबर 2026 को शाम 3:30 बजे जारी मौसम पूर्वानुमान में राज्य के विभिन्न जनपदों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने तथा बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना जताई है। पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश के कारण नदियों और नालों का जलस्तर बढ़ने की स्थिति को भी देखते हुए प्रशासन ने यह निर्णय लिया है।

छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को देखते हुए फैसला
जिलाधिकारी नितिन भदौरिया के आदेश में कहा गया है कि संभावित मौसम संबंधी खतरों के मद्देनजर जनपद ऊधम सिंह नगर के अंतर्गत संचालित सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय एवं निजी विद्यालयों में कक्षा 1 से 12 तक अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के लिए 2 सितंबर को अवकाश रहेगा। इसके साथ ही जिले के समस्त आंगनबाड़ी केंद्रों में पंजीकृत बच्चों के लिए भी अवकाश घोषित किया गया है।
हालांकि, आदेश के अनुसार विद्यालयों के शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी तथा आंगनबाड़ी केंद्रों की सहायिका/कार्यकर्ता अपने-अपने विद्यालय एवं केंद्रों में उपस्थित रहेंगे और आवश्यकतानुसार विभागीय दायित्वों का निर्वहन करेंगे।
जिलाधिकारी नितिन भदौरिया ने स्पष्ट किया है कि आदेश का पालन करना अनिवार्य होगा। आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा 51 के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत आदेश का उल्लंघन माना जाएगा और संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को आदेश का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने और सभी स्कूलों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में इसका अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिए हैं। जिलाधिकारी नितिन भदौरिया ने कहा कि यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा।




















