– इंडिया नज़र ब्यूरो किच्छा – हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस अध्यक्ष एवं राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के बाद कथित शुद्धिकरण किए जाने के मामले में किच्छा कांग्रेस ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़ के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर अध्यक्ष भूपेंदर पाल सिंह की ओर से किच्छा कोतवाली में तहरीर दी। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि 10 अगस्त को गिरीश चंद्र पांडेय और अन्य लोगों ने रामलीला मैदान में यज्ञ एवं गंगाजल छिड़ककर कथित तौर पर शुद्धिकरण किया, जिससे अनुसूचित जाति के लोगों की भावनाएं आहत हुईं।

कांग्रेस ने इस कार्रवाई को जातिगत भेदभाव और संविधान की भावना के विपरीत बताते हुए आरोपियों के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट समेत संबंधित कानूनी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग की है।
तहरीर में राज्यसभा में 13 अगस्त को मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा मामला उठाए जाने और भाजपा नेताओं की ओर से दिए गए बयानों का भी उल्लेख किया गया है। कांग्रेस ने पुलिस से पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।




















