– इंडिया नज़र ब्यूरो |रुद्रपुर – ऊधम सिंह नगर के रुद्रपुर में कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत की मौजूदगी में एसआईआर से जुड़ी आपत्तियों और अन्य समस्याओं को लेकर आयोजित बैठक उस वक्त हंगामे में बदल गई, जब पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल और भाजपा विधायक शिव अरोड़ा के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। विवाद बढ़ने पर अधिकारियों को हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को शांत कराना पड़ा।
बैठक के दौरान किसी मुद्दे को लेकर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल और विधायक शिव अरोड़ा के बीच बहस शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि मौके पर मौजूद अपर जिलाधिकारी और एसडीएम को बीच-बचाव करना पड़ा। आरोप है कि बहस के दौरान अमर्यादित भाषा का भी इस्तेमाल किया गया।

घटना के बाद भाजपा विधायक शिव अरोड़ा अपने समर्थकों के साथ धरने पर बैठ गए। विधायक ने आरोप लगाया कि पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने उनके साथ अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया है। उन्होंने मांग की कि कमिश्नर स्तर से मामले में पूर्व विधायक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जाए। विधायक ने स्पष्ट किया कि कार्रवाई होने तक उनका धरना जारी रहेगा।
वहीं, बैठक में मौजूद पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने भी विवाद को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में इस तरह का व्यवहार स्वीकार्य नहीं है और कांग्रेस पर गुंडागर्दी की राजनीति करने का आरोप लगाया।

उधर, विवाद के केंद्र में आए पूर्व विधायक और कांग्रेस नेता राजकुमार ठुकराल ने भाजपा विधायक पर ही गंभीर आरोप लगाए। ठुकराल ने आरोप लगाया कि उन्हें राजनीतिक रूप से निशाना बनाया जा रहा है और उनकी हत्या की साजिश रची जा रही है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
विवाद के बाद कलेक्ट्रेट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।
फिलहाल इस घटनाक्रम ने रुद्रपुर की सियासत को गरमा दिया है। एक ओर विधायक शिव अरोड़ा कार्रवाई की मांग को लेकर धरने पर हैं, वहीं पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने अपनी सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। अब प्रशासन की ओर से इस मामले में क्या कार्रवाई की जाती है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।




















