– अतिक्रमण हटने के बाद विभागों ने संभाला मोर्चा, धरातल पर दिखने लगी चौड़ीकरण परियोजना की तस्वीर
– इंडिया नज़र ब्यूरो | रुद्रपुर – काशीपुर बाईपास चौड़ीकरण की महत्वाकांक्षी परियोजना अब तेजी से धरातल पर आकार लेने लगी है। अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के बाद संबंधित विभागों ने अपने-अपने स्तर पर निर्माण पूर्व कार्य शुरू कर दिए हैं। विद्युत विभाग के बाद अब जल संस्थान ने भी मार्ग में आ रही पानी की पाइपलाइनों को शिफ्ट करने और नई अंडरग्राउंड पाइपलाइन बिछाने का कार्य शुरू कर दिया है।
काशीपुर बाईपास पर चौड़ीकरण के लिए अतिक्रमण हटाए जाने के बाद विद्युत विभाग द्वारा मार्ग की जद में आ रहे विद्युत पोलों को शिफ्ट करने तथा नए पोल स्थापित करने का कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में अब जल संस्थान ने भी मोर्चा संभाल लिया है। विभाग की टीम द्वारा बाईपास के विभिन्न स्थानों पर खुदाई कर पानी की पाइपलाइन को शिफ्ट करने के साथ ही नई अंडरग्राउंड पाइपलाइन बिछाने का काम तेजी से किया जा रहा है।

लंबे समय से काशीपुर बाईपास क्षेत्र में यातायात का भारी दबाव बना रहता है। सड़क की सीमित चौड़ाई और लगातार बढ़ते वाहनों के कारण आए दिन जाम की स्थिति उत्पन्न होती है। ऐसे में बाईपास चौड़ीकरण परियोजना को शहर की यातायात व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
अतिक्रमण हटाने के बाद अब विद्युत और जल संस्थान द्वारा आधारभूत सुविधाओं को सड़क चौड़ीकरण की जद से हटाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। विभागीय स्तर पर चल रहे इन कार्यों से संकेत मिल रहे हैं कि चौड़ीकरण परियोजना के अगले चरण की तैयारियां तेजी से आगे बढ़ रही हैं।

काशीपुर बाईपास के चौड़ीकरण से क्षेत्र में यातायात का दबाव कम होने और वाहनों की आवाजाही सुगम होने की उम्मीद है। स्थानीय लोगों और व्यापारियों का कहना है कि यदि चौड़ीकरण का कार्य निर्धारित गति से पूरा होता है तो लंबे समय से चली आ रही जाम की समस्या से बड़ी राहत मिल सकती है।
वहीं, परियोजना को लेकर विधायक शिव अरोरा की ओर से भी लगातार विभागीय स्तर पर कार्यों में तेजी लाने और संबंधित विभागों के बीच समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया जा रहा है। उद्देश्य काशीपुर बाईपास को बेहतर और अधिक सुगम बनाकर रुद्रपुर की यातायात व्यवस्था को मजबूत करना है।
काशीपुर बाईपास चौड़ीकरण को रुद्रपुर की यातायात व्यवस्था में सुधार के साथ-साथ शहर के विकास की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण परियोजना माना जा रहा है। मार्ग के चौड़ीकरण से जहां वाहनों की आवाजाही आसान होगी, वहीं भविष्य में बढ़ते यातायात के दबाव को नियंत्रित करने में भी मदद मिलेगी।
अतिक्रमण हटने के बाद विद्युत विभाग और जल संस्थान द्वारा शुरू किए गए कार्यों से परियोजना ने अब गति पकड़ ली है। यदि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करते हैं तो आने वाले समय में काशीपुर बाईपास रुद्रपुर की यातायात व्यवस्था को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।




















