– एसएसपी से निष्पक्ष जांच और हाईकमान से कार्रवाई की मांग
– इंडिया नजर ब्यूरो | किच्छा – भाजपा नेता राजीव सक्सेना ने अपनी ही पार्टी के कुछ नेताओं पर उनके खिलाफ माहौल बनाने और एक नेता के इशारे पर कोतवाली में उनका अपमान व उत्पीड़न कराने का गंभीर आरोप लगाया है। सक्सेना ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
राजीव सक्सेना के अनुसार, घटना वाले दिन वह दो पक्षों के बीच हुए विवाद को सुलझाने के उद्देश्य से किच्छा कोतवाली पहुंचे थे। उनका आरोप है कि कोतवाली में एक पक्ष के लोगों ने उनके साथ बदसलूकी की और इसके बाद उन्हें बिना किसी उचित कारण के कोतवाली में बैठा लिया गया। सक्सेना का कहना है कि उनके साथ दुर्व्यवहार करने वालों के खिलाफ अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई।
प्रेस वार्ता के दौरान सक्सेना ने बिना किसी का नाम लिए भाजपा के एक नेता पर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके इशारे पर ही उन्हें कोतवाली में बैठाया गया। उन्होंने दावा किया कि इस पूरे मामले को लेकर उन्होंने पार्टी हाईकमान को भी लिखित रूप से अवगत कराते हुए कार्रवाई की मांग की है।

सक्सेना ने कहा कि वह लंबे समय से क्षेत्र में भाजपा के लिए सक्रिय रूप से कार्य करते आ रहे हैं। उनका आरोप है कि कुछ लोग व्यक्तिगत और राजनीतिक हितों के चलते उनके खिलाफ माहौल बनाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कोतवाली में उनके साथ जिस तरह का व्यवहार किया गया, वह दुर्भाग्यपूर्ण है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि यदि पार्टी के भीतर किसी कार्यकर्ता या नेता को लेकर कोई शिकायत है तो उसे संगठन के स्तर पर रखा जाना चाहिए, न कि उसे सार्वजनिक विवाद का रूप दिया जाना चाहिए। सक्सेना ने कहा कि वह किसी भी दबाव में पीछे हटने वाले नहीं हैं और सच्चाई सामने लाने के लिए हर उचित मंच पर अपनी बात रखेंगे।
राजीव सक्सेना ने बताया कि उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के समक्ष अपना पक्ष रखते हुए पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जांच के बाद पूरे मामले की वास्तविकता सामने आएगी और उन्हें न्याय मिलेगा।




















