– इंडिया नजर ब्यूरो रुद्रपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रोटरी क्लब रुद्रपुर की ओर से देशभक्ति और महिला सशक्तिकरण पर केंद्रित कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ध्वजारोहण के साथ रोटरी स्किल सेंटर में निःशुल्क सिलाई-कढ़ाई एवं अन्य कौशल प्रशिक्षण प्राप्त कर रही करीब 60 से 70 महिलाओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ रोटरी क्लब अध्यक्ष अमित सिंगला, मुख्य अतिथि संसेरा कंपनी के एबीपी हेड दीपक सोनी और सचिव सीए जयप्रकाश अग्रवाल ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण कर किया। राष्ट्रगान और भारत माता की जय के नारों से वातावरण देशभक्तिमय हो गया। कार्यक्रम में सामाजिक संस्थाओं, उद्योग जगत, व्यापारी वर्ग और शहर के गणमान्य नागरिकों ने भागीदारी की।
मुख्य अतिथि दीपक सोनी ने रोटरी क्लब के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि महिलाओं को निःशुल्क कौशल प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाने की पहल समाज के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि संसेरा कंपनी भविष्य में भी रोटरी क्लब के साथ सामाजिक कार्यों में सहयोग करती रहेगी।
रोटरी क्लब अध्यक्ष अमित सिंगला ने कहा कि आर्थिक रूप से सक्षम लोगों को जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आना चाहिए। क्लब का उद्देश्य समाज के अंतिम छोर तक सहायता और अवसर पहुंचाना है।
कार्यक्रम में बच्चों ने तिरंगे और तिरंगे रंग के गुब्बारों के साथ उत्साहपूर्वक भाग लिया। सचिव सीए जयप्रकाश अग्रवाल ने कार्यक्रम का संचालन किया। इस दौरान चंचल सिंह, नारायण सिंगला, सतेंद्र राय, आशुतोष शर्मा, ओम सिंगला, राजेंद्र सिंगला, मदन अग्रवाल, सुनील सोनी सहित रोटरी सदस्य मौजूद रहे। विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने देश की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता को मजबूत बनाने के साथ सेवा कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में शहर की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं ने भी भागीदारी की। श्री गुरु रामदास जी सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष हरविंदर चुग, ड्रीम्स केयर फाउंडेशन के फाउंडर दीपक पांडे, कोषाध्यक्ष हरीश पांडे, निखिल पांडे, प्रज्वल पांडे तथा जीवन ज्योति वेलफेयर ट्रस्ट की अध्यक्ष श्रीमती अलका अरोड़ा सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
ड्रीमर्स केयर फाउंडेशन के फाउंडर दीपक पांडे ने रोटरी क्लब के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व को केवल ध्वजारोहण तक सीमित न रखते हुए समाज सेवा और जरूरतमंदों को आत्मनिर्भर बनाने से जोड़ना सराहनीय पहल है।




















