– विधवानी मार्केट मोड़ पर आमजन को समर्पित किया शीतल जल केंद्र, बोले— जनसेवा ही मेरा संकल्प, जरूरत के अनुसार लगाए जाएंगे और भी प्याऊ
| इंडिया नज़र ब्यूरो रुद्रपुर – भीषण गर्मी के बीच आमजन को स्वच्छ एवं शीतल पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा ने एक और जनहितकारी पहल की है। विधायक निधि से विधवानी मार्केट मोड़ स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर प्रतिमा के समीप स्थापित आधुनिक शीतल जल प्याऊ का विधायक शिव अरोरा ने फीता काटकर विधिवत लोकार्पण किया और इसे जनता को समर्पित किया।
इस अवसर पर विधायक शिव अरोरा ने कहा कि जनसुविधाओं का विस्तार उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि बाजार क्षेत्र में प्रतिदिन बड़ी संख्या में व्यापारी, राहगीर, श्रमिक और आम नागरिक आते हैं। ऐसे में उन्हें स्वच्छ और ठंडा पेयजल उपलब्ध कराना जनप्रतिनिधि होने के नाते उनकी जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य से विधायक निधि से इस आधुनिक शीतल जल प्याऊ की स्थापना कराई गई है।

विधायक शिव अरोरा ने बताया कि इससे पहले भी उनके प्रयासों से ट्रांजिट कैंप, संजय नगर, डीडी चौक और रमपुरा सहित शहर के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर शीतल जल प्याऊ स्थापित किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी आवश्यकता के अनुसार अन्य स्थानों पर ऐसे जनहितकारी कार्य लगातार किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिल सके।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार का लक्ष्य केवल बड़े विकास कार्य कराना ही नहीं, बल्कि आम नागरिकों के दैनिक जीवन को सरल और सुविधाजनक बनाना भी है। छोटी-छोटी जनसुविधाएं भी लोगों के जीवन में बड़ा बदलाव लाती हैं और इसी सोच के साथ क्षेत्र में विकास कार्य निरंतर जारी हैं।
लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने विधायक शिव अरोरा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि व्यस्त बाजार क्षेत्र में शीतल जल प्याऊ की स्थापना से प्रतिदिन हजारों लोगों को राहत मिलेगी। कार्यक्रम के अंत में विधायक ने उपस्थित लोगों को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर रुद्रपुर इलेक्ट्रिकल्स एसोसिएशन के पदाधिकारी, स्थानीय व्यापारी, भाजपा कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।



















