– जिला निर्वाचन अधिकारी के नाम सौंपा ज्ञापन, निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग; कार्रवाई न होने पर आमरण अनशन की चेतावनी
| इंडिया नज़र ब्यूरो रुद्रपुर – मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान कथित अनियमितताओं और फर्जी आपत्तियां दर्ज किए जाने के विरोध में गुरुवार को पूर्व विधायक एवं कांग्रेस नेता राजकुमार ठुकराल ने एसडीएम कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया। धरने के बाद उन्होंने जिला निर्वाचन अधिकारी के नाम एक ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने जल्द न्यायपूर्ण कार्रवाई नहीं की तो वह एसडीएम कार्यालय के समक्ष अनिश्चितकालीन आमरण अनशन शुरू करेंगे।
धरने को संबोधित करते हुए राजकुमार ठुकराल ने आरोप लगाया कि रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र में एक राजनीतिक दल से जुड़े कुछ लोगों द्वारा सुनियोजित तरीके से वर्षों से निवास कर रहे वास्तविक मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटवाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में फर्जी आपत्तियां दर्ज कराकर प्रशासन को गुमराह किया जा रहा है, जिससे लोकतांत्रिक प्रक्रिया प्रभावित हो रही है।
ठुकराल ने कहा कि वार्डों, मलिन बस्तियों और ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) पूरी निष्ठा से कार्य कर रहे हैं, लेकिन सैकड़ों बेबुनियाद आपत्तियां लगाकर उनके कार्य में जानबूझकर बाधा उत्पन्न की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि इन आपत्तियों को अब तक जांच और निस्तारण के लिए संबंधित बीएलओ के पास भी नहीं भेजा गया है, जिससे पूरी प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
पूर्व विधायक ने दावा किया कि फर्जी आपत्तियों के जरिए लोकतंत्र का खुला मजाक बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वह स्वयं दस बार जनप्रतिनिधि रह चुके हैं, लेकिन उनकी माता दर्शना रानी के नाम पर भी आपत्ति दर्ज करा दी गई। जब संबंधित आपत्तिकर्ता से बातचीत की गई तो उसने साफ कहा कि उसने कोई आपत्ति दर्ज नहीं कराई और उसके नाम का दुरुपयोग किया गया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कई आपत्तियों पर आपत्तिकर्ताओं के हस्ताक्षर तक मौजूद नहीं हैं, जबकि अनेक ऐसे लोगों के नाम पर भी आपत्तियां दर्ज की गई हैं जो वर्षों से अपने परिवार के साथ उसी क्षेत्र में स्थायी रूप से निवास कर रहे हैं। उनके अनुसार, वास्तविक मतदाताओं के नाम हटाने के लिए सुनियोजित षड्यंत्र रचा जा रहा है।
राजकुमार ठुकराल ने प्रशासन से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की शुचिता बनाए रखना लोकतंत्र की मजबूती के लिए आवश्यक है और वास्तविक मतदाताओं के अधिकारों की हर हाल में रक्षा होनी चाहिए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि जिला प्रशासन ने मामले का तत्काल संज्ञान लेकर न्यायपूर्ण कार्रवाई नहीं की तो कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर व्यापक आंदोलन करेगी और वह स्वयं एसडीएम कार्यालय के समक्ष अनिश्चितकालीन आमरण अनशन पर बैठेंगे।
धरने के दौरान एसडीएम द्वारा मामले की जांच और नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद राजकुमार ठुकराल ने अपना धरना समाप्त कर दिया।



















