| इंडिया नज़र ब्यूरो रुद्रपुर – रुद्रपुर विधानसभा की छह ग्रामसभाओं—छतरपुर, धर्मपुर मटकोटा, बिंदुखेड़ा, किरतपुर, दानपुर और बागवाला की तस्वीर अब बदलने जा रही है। विधायक शिव अरोड़ा की पहल पर नेस्ले इंडिया प्राइवेट लिमिटेड ने अपनी कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) योजना के तहत इन गांवों को एकीकृत ग्रामीण विकास परियोजना (Integrated Rural Development Project) के अंतर्गत आदर्श ग्राम के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया है। इस परियोजना का क्रियान्वयन BAIF डेवलपमेंट रिसर्च फाउंडेशन के सहयोग से किया जाएगा।

विधायक शिव अरोड़ा ने अपने कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि लंबे समय से नेस्ले इंडिया के साथ इस परियोजना को लेकर बातचीत चल रही थी, जिसमें जिला प्रशासन के सहयोग से सहमति बनी। परियोजना के तहत पोषण, स्वच्छता, स्थिरता और सामुदायिक विकास के चार प्रमुख क्षेत्रों पर कार्य किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक ग्रामसभा को डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण के लिए एक ई-वाहन, 40 सोलर स्ट्रीट लाइट, स्मार्ट क्लासरूम, राजकीय इंटर कॉलेजों में साइंस लैब, आरओ पेयजल व्यवस्था, स्कूलों का सौंदर्यीकरण, पार्कों का विकास, न्यूट्रिशन गार्डन किट तथा जरूरत वाले क्षेत्रों में जलमीनार (वाटर टैंक) उपलब्ध कराए जाएंगे। इन सुविधाओं का रखरखाव भी तीन वर्षों तक कार्यदायी संस्था द्वारा किया जाएगा।
विधायक शिव अरोड़ा ने कहा कि इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में शहरी स्तर की बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध होंगी और गांवों का समग्र विकास होगा। उन्होंने बताया कि फिलहाल छह ग्रामसभाओं को पहले चरण में शामिल किया गया है तथा भविष्य में अन्य बड़ी संस्थाओं के सहयोग से और भी गांवों को इस योजना से जोड़ा जाएगा। इस अवसर पर नेस्ले इंडिया के विशाल गर्ग, विभिन्न ग्राम प्रधान, भाजपा पदाधिकारी एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।




















