– दो वर्षों से जर्जर पड़ी सड़क का 18 लाख रुपये की लागत से हुआ निर्माण, तीन वार्डों के हजारों लोगों को मिली राहत
– इंडिया नज़र ब्यूरो | रुद्रपुर – रुद्रपुर शहर में विकास कार्यों को गति देने की दिशा में विधायक शिव अरोड़ा लगातार सक्रिय नजर आ रहे हैं। लंबे समय से बदहाल पड़ी रम्पुरा कटोरी मंदिर मार्ग का निर्माण कार्य अब पूरा हो गया है। करीब दो वर्षों से जर्जर हालत में पड़ी इस सड़क के कारण स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। बरसात के दौरान स्थिति और भी गंभीर हो जाती थी।
यह सड़क रम्पुरा क्षेत्र के तीन वार्डों को आपस में जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है। स्थानीय नागरिकों द्वारा लगातार शिकायतें मिलने के बाद विधायक शिव अरोड़ा स्वयं मौके पर पहुंचे और अधिकारियों को तत्काल सड़क निर्माण के निर्देश दिए। परिणामस्वरूप लगभग 18 लाख रुपये की लागत से यह सड़क महज एक सप्ताह के भीतर तैयार कर दी गई।
सड़क निर्माण पूरा होने के बाद क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। लोगों का कहना है कि वर्षों से लंबित इस समस्या का समाधान इतनी तेजी से होना उनके लिए बड़ी राहत है। स्थानीय नागरिकों ने विधायक शिव अरोड़ा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब आवागमन पहले की तुलना में कहीं अधिक सुगम और सुरक्षित हो गया है।
विधायक शिव अरोड़ा ने कहा कि उनकी प्राथमिकता जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना और विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा कराना है। उन्होंने बताया कि नगर क्षेत्र में जहां-जहां विकास कार्य शेष हैं, वहां भी तेजी से कार्य कराया जा रहा है। बरसात के बाद सड़क, नाली और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े निर्माण कार्यों में और तेजी लाई जाएगी।
विधायक शिव अरोड़ा का कहना है कि “रम्पुरा कटोरी मंदिर मार्ग की समस्या लंबे समय से मेरे संज्ञान में थी। सड़क की बदहाल स्थिति से स्थानीय लोगों को रोजाना परेशानी उठानी पड़ रही थी। मैंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि इस कार्य में किसी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए। खुशी है कि महज एक सप्ताह में सड़क का निर्माण पूरा हो गया और जनता को राहत मिली। मेरा संकल्प है कि रुद्रपुर का कोई भी क्षेत्र विकास से वंचित न रहे। जनता ने मुझे सेवा का अवसर दिया है और मैं पूरी निष्ठा के साथ उनकी अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास कर रहा हूं। आने वाले समय में नगर के शेष विकास कार्य भी तेजी से पूरे किए जाएंगे।”




















