– सीडीओ के साथ अस्पताल का निरीक्षण, भर्ती मरीजों से मिलकर जानी स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत; मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री को भेजा पत्र
– इंडिया नज़र ब्यूरो | रुद्रपुर – रुद्रपुर के विधायक शिव अरोरा ने सोमवार को मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) दिवेश शाशनी के साथ जिला अस्पताल का निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में डॉक्टरों की कमी को गंभीर विषय बताते हुए उत्तराखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. सुबोध उनियाल से दूरभाष पर वार्ता की। स्वास्थ्य मंत्री ने उन्हें आश्वस्त किया कि अगले कुछ दिनों में रिक्त पदों पर चिकित्सकों की तैनाती कर दी जाएगी।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने अस्पताल के प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक (पीएमएस) के साथ बैठक कर हाल ही में हुए चिकित्सकों के स्थानांतरण और उनकी जगह होने वाली नई नियुक्तियों की जानकारी ली। उन्होंने स्थानांतरण से पहले और बाद की स्थिति का विस्तृत चार्ट तैयार करने के निर्देश भी दिए।

पीएमएस ने विधायक को बताया कि जिला अस्पताल से कुल 8 चिकित्सकों का स्थानांतरण हुआ है। इनमें अधिकांश पदों पर नए डॉक्टरों की तैनाती के आदेश जारी हो चुके हैं, जबकि दो स्त्री रोग विशेषज्ञ (गायनेकोलॉजिस्ट) और एक रेडियोलॉजिस्ट की नियुक्ति के आदेश अभी जारी नहीं हुए हैं।
इस पर विधायक शिव अरोरा ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. सुबोध उनियाल को पत्र लिखकर जल्द नियुक्ति की मांग की थी। साथ ही स्वास्थ्य मंत्री से फोन पर हुई बातचीत में उन्हें भरोसा दिलाया गया कि सभी रिक्त पदों को शीघ्र भरा जाएगा तथा जिन तीन चिकित्सकों के आदेश लंबित हैं, उन्हें भी जल्द जारी कर दिया जाएगा।
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि रुद्रपुर जिला मुख्यालय होने के साथ-साथ एक प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र भी है, जहां प्रतिदिन हजारों लोग उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचते हैं। ऐसे में चिकित्सकों की कमी से मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मंशा के अनुरूप जिला अस्पताल में बाल रोग, स्त्री एवं प्रसूति रोग, फिजिशियन, हड्डी रोग और रेडियोलॉजी जैसे महत्वपूर्ण विभागों में डॉक्टरों की रिक्तियां जल्द भरने के निर्देश दिए गए हैं। आने वाले दिनों में नए चिकित्सक अपनी सेवाएं देना शुरू कर देंगे।
निरीक्षण के दौरान विधायक शिव अरोरा और सीडीओ दिवेश शाशनी ने अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड, जनरल वार्ड सहित विभिन्न विभागों का भ्रमण किया। उन्होंने भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और अस्पताल में मिल रही चिकित्सा सुविधाओं एवं उपचार व्यवस्था की जानकारी ली।
विधायक ने कहा कि गरीब और मध्यम वर्ग के अधिकांश लोग जिला अस्पताल पर निर्भर रहते हैं। ऐसे में सरकार की प्राथमिकता है कि यहां बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हों और डॉक्टरों की कमी जल्द से जल्द दूर की जाए।
इस अवसर पर सीडीओ दिवेश शाशनी, पीएमएस डॉ. ए. एम. शर्मा, डॉ. इरशाद, पार्षद निमित शर्मा, भाजपा मंडल महामंत्री राधेश शर्मा, जितेंद्र चौहान, मयंक कक्कड़, के. पी. राठी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।




















