| इंडिया नज़र ब्यूरो किच्छा – किच्छा के चर्चित विमलेंद्र सिंह संदिग्ध मौत प्रकरण में नया मोड़ आ गया है। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने मृतक की पत्नी भावना और उसके भाई जेबी चौहान के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दोनों पर मृतक की संपत्ति हड़पने की साजिश रचने, मानसिक दबाव बनाने और लगातार जमीन बेचने के लिए मजबूर करने के आरोप लगाए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, मृतक विमलेंद्र सिंह की चचेरी बहन अनुराधा सिंह ने कोर्ट में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया था कि विमलेंद्र की पत्नी भावना और उसका भाई जेबी चौहान काफी समय से उनकी मूल्यवान संपत्तियों पर कब्जा करने की नीयत से उन पर मानसिक दबाव बना रहे थे। आरोप है कि दोनों लगातार जमीन बेचकर अधिक धन लाने के लिए दबाव बनाते थे।

प्रार्थना पत्र में यह भी कहा गया है कि 5 जून को किशनपुर स्थित भूमि की पैमाइश के दौरान भी दोनों ने भूमि की बिक्री से जुड़ी राशि उन्हें सौंपने का दबाव बनाया और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। अनुराधा सिंह ने विमलेंद्र सिंह की मौत को संदिग्ध बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग भी की है।
बताया गया है कि 5 जून को 36 वर्षीय विमलेंद्र सिंह की भोजीपुरा स्थित एक अस्पताल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। उस समय उनकी पत्नी ने मौत का कारण हार्ट अटैक बताया था।
कोतवाल रवि कुमार ने बताया कि न्यायालय के आदेश के अनुपालन में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है।




















