– इंडिया नज़र ब्यूरो | रुद्रपुर – ऊधम सिंह नगर के प्रभारी एवं प्रदेश के परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने अपने जनपद प्रवास के दौरान रुद्रपुर विधानसभा के सुंदरपुर क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में विधायक निधि एवं क्षेत्र पंचायत निधि से लगभग 60 लाख रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास कर उन्हें जनता को समर्पित किया।
कार्यक्रम में आनंदखेड़ा में भंडारा हॉल निर्माण, सुंदरपुर में दो सीसी मार्गों का निर्माण, मुकरदपुर एवं जाफरपुर श्मशान घाटों का सौंदर्यीकरण, विजयनगर मंदिर सौंदर्यीकरण तथा छतरपुर की डिवाइन कॉलोनी में सीसी मार्ग निर्माण सहित कई विकास योजनाओं का शुभारंभ किया गया। हरेला पर्व के अवसर पर प्रभारी मंत्री और विधायक शिव अरोड़ा ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

इस अवसर पर प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि समान नागरिक संहिता (यूसीसी), सख्त नकल विरोधी कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून और धार्मिक-सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण जैसे ऐतिहासिक निर्णय राज्य को नई पहचान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि रुद्रपुर विधानसभा में भी सरकार की विकास योजनाएं तेजी से धरातल पर उतर रही हैं।
विधायक शिव अरोड़ा ने कहा कि उनकी विधायक निधि से ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं और उनका प्रयास है कि विधानसभा का कोई भी क्षेत्र विकास से वंचित न रहे। उन्होंने बताया कि सुंदरपुर क्षेत्र में उनके कार्यकाल में 50 से अधिक विकास कार्य पूरे हो चुके हैं तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में रुद्रपुर को लगातार नई परियोजनाओं की सौगात मिल रही है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही।




















