– एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर रुद्रपुर पुलिस की सख्त कार्रवाई
– सरकारी कार्य में बाधा डालने और पुलिस कर्मियों से अभद्रता के आरोप में दोनों आरोपी हिरासत में
– सोशल मीडिया पर लाइक्स और व्यूज़ के लिए पुलिस कार्रवाई को भ्रामक तरीके से दिखाने का भी खुलासा
– इंडिया नज़र ब्यूरो | रुद्रपुर – ऊधम सिंह नगर पुलिस ने सोशल मीडिया पर फॉलोअर्स और व्यूज़ बढ़ाने के लिए ट्रैफिक पुलिस के साथ अभद्रता करने और सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने वाले दो युवकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देश पर रुद्रपुर पुलिस ने आरोपी दीपक यादव और चंदन यादव के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया है।
पुलिस के अनुसार, दोनों युवकों ने यातायात पुलिस द्वारा की जा रही वैधानिक कार्रवाई के दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार किया और सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए एसएसपी अजय गणपति ने कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद दोनों आरोपियों के विरुद्ध सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, लोक सेवकों के साथ अभद्रता करने तथा अन्य सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया।

जांच में यह भी सामने आया कि दोनों युवक पूर्व में भी सोशल मीडिया पर अधिक लाइक्स, व्यूज़ और फॉलोअर्स प्राप्त करने के उद्देश्य से पुलिस कार्रवाई और अन्य घटनाओं से जुड़े वीडियो को भ्रामक एवं तथ्यों को तोड़-मरोड़कर प्रसारित करते रहे हैं। पुलिस का कहना है कि इस तरह की गतिविधियां समाज में भ्रम फैलाने के साथ-साथ कानून व्यवस्था को भी प्रभावित करती हैं।
इस मामले में कार्रवाई करते हुए रुद्रपुर के पुलिस उपाधीक्षक विभव सैनी ने बताया कि दोनों आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया गया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी कार्य में बाधा डालने, पुलिस कर्मियों से अभद्रता करने तथा सोशल मीडिया का दुरुपयोग करने वालों के विरुद्ध भविष्य में भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस की त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के बाद दोनों युवकों ने अपने कृत्य पर खेद व्यक्त करते हुए माफी भी मांगी।

एसएसपी अजय गणपति ने आमजन, विशेषकर युवाओं से अपील की है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए भ्रामक या तथ्यहीन सामग्री प्रसारित न करें और न ही ऐसा कोई कृत्य करें जिससे कानून व्यवस्था प्रभावित हो। पुलिस ने चेतावनी दी है कि सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने, पुलिस कर्मियों से अभद्रता करने और सोशल मीडिया पर भ्रामक सामग्री प्रसारित करने वालों के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।




















