– अभिषेक अग्रवाल बोले- हर व्यक्ति हर वर्ष कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए, ‘एक वृक्ष मां के नाम’ अभियान को बताया पर्यावरण संरक्षण की मजबूत पहल
– इंडिया नज़र ब्यूरो | रुद्रपुर – पर्यावरण संरक्षण और हरित उत्तराखंड के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए एलएससी इन्फ्राटेक लिमिटेड (कुमार ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज) ने रुद्रपुर के किच्छा बाईपास रोड पर व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाया। कार्यक्रम का नेतृत्व ग्रुप के निदेशक अभिषेक अग्रवाल और जिला खान अधिकारी मनीष परिहार ने किया। इस दौरान विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित किए गए और उनके संरक्षण का संकल्प भी लिया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अभिषेक अग्रवाल ने कहा कि धरती को हरा-भरा बनाए रखना और पर्यावरण का संरक्षण करना प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि कुमार ग्रुप अपने विभिन्न औद्योगिक एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में पहले ही हजारों पौधे लगा चुका है और इस मानसून सीजन में भी कई स्थानों पर बड़े स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण, ग्लोबल वार्मिंग और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक वृक्ष लगाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने उत्तराखंड सरकार के ‘एक वृक्ष मां के नाम’ अभियान की सराहना करते हुए सभी लोगों से अपील की कि वे हर वर्ष कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं और उसकी देखभाल भी करें।
जिला खान अधिकारी मनीष परिहार ने बताया कि उनके अनुरोध पर एलएससी इन्फ्राटेक ने पिछले माह बाजपुर के एक इंटर कॉलेज परिसर में भी बड़े स्तर पर फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया था। उन्होंने कहा कि कंपनी सामाजिक सरोकारों के तहत लगातार पर्यावरण संरक्षण के लिए कार्य कर रही है और मानसून सत्र के दौरान अन्य स्थानों पर भी वृक्षारोपण अभियान जारी रहेगा।

उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके बड़े होने तक उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण करना भी उतना ही आवश्यक है। यदि समाज का प्रत्येक व्यक्ति इस जिम्मेदारी को निभाए तो शहर और देश दोनों को हरित एवं प्रदूषण मुक्त बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम में कुमार ग्रुप के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अन्य गणमान्य लोगों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।



















