– कनकपुर, भंगा और प्रतापपुर क्षेत्र की सड़कों का होगा निर्माण एवं नवीनीकरण, हजारों ग्रामीणों को मिलेगा बेहतर आवागमन का लाभ
– इंडिया नज़र ब्यूरो | किच्छा – किच्छा विधानसभा क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। विधायक तिलक राज बेहड़ के लगातार प्रयासों से राज्य योजना के अंतर्गत क्षेत्र की तीन महत्वपूर्ण सड़क निर्माण एवं नवीनीकरण परियोजनाओं के लिए कुल 1 करोड़ 33 लाख रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति मिल गई है। इन परियोजनाओं के क्रियान्वयन से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी और स्थानीय विकास को नई गति मिलेगी।
विधायक तिलक राज बेहड़ ने बताया कि स्वीकृत योजनाओं में ग्राम कनकपुर में 600 मीटर सड़क का प्रीमिक्स कारपेट निर्माण लगभग 40.49 लाख रुपये की लागत से किया जाएगा। इसके अलावा ग्राम भंगा में 1.500 किलोमीटर मोटर मार्ग का नवीनीकरण 55.16 लाख रुपये की लागत से होगा।
वहीं, प्रतापपुर लिंक मार्ग से प्रतापपुर कटिंग ग्राम तक 1.325 किलोमीटर सड़क का प्रीमिक्स कारपेट द्वारा पुनर्निर्माण 37.59 लाख रुपये की लागत से कराया जाएगा। इन तीनों परियोजनाओं पर कुल 1.33 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
विधायक बेहड़ ने कहा कि इन सड़क निर्माण कार्यों के पूरा होने से ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग पूरी होगी। किसानों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और आम नागरिकों को बेहतर एवं सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी। साथ ही क्षेत्र की सामाजिक और आर्थिक गतिविधियों को भी मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा कि किच्छा विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव तक विकास पहुंचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए उनका प्रयास लगातार जारी है और आने वाले समय में भी जनहित से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाओं को स्वीकृति दिलाई जाएगी।
विधायक तिलक राज बेहड़ ने इन सड़क परियोजनाओं की स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तथा लोक निर्माण विभाग के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार के सहयोग से किच्छा विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों की गति लगातार तेज हो रही है। इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों को बेहतर सड़क संपर्क का लाभ मिलेगा और ग्रामीण विकास को नई दिशा मिलेगी।




















