– विधायक तिलक राज बेहड़ बोले— चार वर्षों के अथक प्रयासों का परिणाम, सामाजिक, सांस्कृतिक और सार्वजनिक आयोजनों का बनेगा प्रमुख केंद्र
– इंडिया नज़र ब्यूरो
किच्छा – विधानसभा क्षेत्र किच्छा के लिए 8 जुलाई का दिन ऐतिहासिक होने जा रहा है। लंबे इंतजार के बाद शहर को अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त कम्युनिटी हॉल की सौगात मिलने जा रही है। 8 जुलाई को प्रातः 10 बजे किच्छा चीनी मिल गेट के समीप निर्माण स्थल पर विधायक तिलक राज बेहड़ भूमि पूजन कर परियोजना का विधिवत शुभारंभ करेंगे।
भूमि पूजन से पहले विधायक तिलक राज बेहड़ ने निर्माण स्थल का औचक निरीक्षण कर तैयारियों और प्रस्तावित निर्माण कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य पूरी पारदर्शिता, निर्धारित मानकों और उच्च गुणवत्ता के साथ तय समय-सीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।विधायक बेहड़ ने बताया कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना के प्रथम चरण के लिए लगभग 5 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिल चुकी है और निर्माण कार्य अब शुरू किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर भविष्य में अतिरिक्त 4 से 5 करोड़ रुपये की धनराशि उपलब्ध कराने के लिए भी हरसंभव प्रयास किए जाएंगे, ताकि किच्छा को एक भव्य, आधुनिक और सभी आवश्यक सुविधाओं से सुसज्जित कम्युनिटी हॉल मिल सके।
उन्होंने बताया कि यह परियोजना करीब चार वर्षों के निरंतर प्रयासों का परिणाम है। सबसे पहले उपयुक्त भूमि का चयन किया गया, इसके बाद चीनी मिल की भूमि उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक अनुमतियां प्राप्त की गईं। गन्ना मंत्री के सहयोग से भूमि का आवंटन सुनिश्चित हुआ और सभी विभागीय स्वीकृतियां मिलने के बाद मुख्यमंत्री द्वारा इस परियोजना की घोषणा कराई गई। अब यह बहुप्रतीक्षित सपना साकार होने जा रहा है।
विधायक बेहड़ ने कहा कि निर्माण के बाद यह अत्याधुनिक कम्युनिटी हॉल किच्छा में सामाजिक, सांस्कृतिक, धार्मिक, शैक्षणिक और राजनीतिक कार्यक्रमों का प्रमुख केंद्र बनेगा। इससे क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग पूरी होगी और बड़े आयोजनों के लिए आधुनिक सुविधाओं वाला स्थायी मंच उपलब्ध होगा।
उन्होंने क्षेत्र के सभी धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों, व्यापार मंडल, जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों और आम जनता से अपील की है कि वे 8 जुलाई को आयोजित भूमि पूजन कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस ऐतिहासिक अवसर के साक्षी बनें।



















