– 125 दिन की रोजगार गारंटी, समयबद्ध भुगतान और ग्राम पंचायतों को अधिक अधिकार; प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का जताया आभार
– इंडिया नज़र ब्यूरो | रुद्रपुर – देशभर में गुरुवार से शुरू हुई विकसित भारत जी-रामजी योजना (VB-G RAM G) का शुभारंभ ऊधम सिंह नगर में भी किया गया। रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा ने विकास भवन सभागार में दीप प्रज्वलित कर योजना का विधिवत शुभारंभ किया। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों ने विधायक का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
इस अवसर पर विधायक शिव अरोरा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ग्रामीण क्षेत्र के श्रमिकों और मजदूरों के उत्थान के लिए यह योजना एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि पहले की व्यवस्था की तुलना में इस योजना में कई क्रांतिकारी बदलाव किए गए हैं, जिससे ग्रामीण श्रमिकों को अधिक रोजगार और बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
उन्होंने बताया कि अब ग्रामीण श्रमिकों को 100 दिनों के बजाय 125 दिनों की रोजगार गारंटी मिलेगी। कार्य पूरा होने के बाद निर्धारित समय के भीतर भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा। योजना के लिए केंद्र सरकार ने 95,600 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है, जबकि शेष 55,682 करोड़ रुपये का व्यय राज्य सरकारें वहन करेंगी।

विधायक ने कहा कि योजना के तहत औसत दैनिक मजदूरी बढ़ाकर 327.40 रुपये कर दी गई है। मजदूरी का भुगतान सीधे श्रमिकों के बैंक खातों में किया जाएगा। साथ ही, यह निर्णय कि किसी गांव में कौन-सा विकास कार्य कराया जाएगा, अब दिल्ली या देहरादून के बजाय स्थानीय ग्राम पंचायतें लेंगी, जिससे स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता मिलेगी।
उन्होंने बताया कि योजना के तहत जल संरक्षण, ग्रामीण आधारभूत ढांचे, स्कूल, अस्पताल, सड़क निर्माण और आजीविका से जुड़े स्थायी परिसंपत्तियों के निर्माण पर विशेष जोर दिया जाएगा। इससे स्थानीय श्रमिकों को रोजगार के अधिक अवसर मिलेंगे और जल संकट जैसी समस्याओं से निपटने में भी मदद मिलेगी।
शिव अरोरा ने कहा कि योजना की एक महत्वपूर्ण विशेषता यह भी है कि यदि आवेदन करने वाले श्रमिक को निर्धारित समय सीमा के भीतर रोजगार उपलब्ध नहीं कराया जाता है, तो उसे बेरोजगारी भत्ता देने का भी प्रावधान रखा गया है।
उन्होंने विश्वास जताया कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में यह योजना मील का पत्थर साबित होगी और ग्रामीण क्षेत्र के गरीब मजदूरों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाएगी। विधायक ने योजना लागू करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में यह योजना सफलतापूर्वक संचालित होगी और इसका सीधा लाभ प्रदेश के लाखों श्रमिकों को मिलेगा।
उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि सड़क से संसद तक इस योजना का विरोध किया गया, लेकिन यह पूरी तरह श्रमिक हितों को ध्यान में रखकर बनाई गई योजना है और इसका लाभ सीधे ग्रामीण मजदूरों को मिलेगा।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख ज्योति ग्रोवर, प्रीत ग्रोवर, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, जिला विकास अधिकारी, बीडीओ गदरपुर अतिया परवेज खान, आशित कुमार, परियोजना अधिकारी हिमांशु जोशी, हेम कांडपाल, छतरपुर प्रधान हरीश भट्ट, भगवानपुर प्रधान विनीत सोलंकी, बीडीसी राजेंद्र सैनी सहित प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।




















