साकिर 11 ने जीती चमचमाती ट्रॉफी, हजारों दर्शकों ने उठाया मैच का लुत्फ
– इंडिया नज़र ब्यूरो किच्छा – शहीद ऊधम सिंह स्पोर्ट्स एकेडमी के तत्वावधान में इंदिरा गांधी खेल मैदान में आयोजित क्रिकेट नाइट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक और यादगार रहा। फाइनल मैच का आनंद लेने के लिए हजारों की संख्या में खेल प्रेमी मैदान पहुंचे और देर रात तक रोमांचक मुकाबले का लुत्फ उठाया।
फाइनल मुकाबला टीम रिंकू 11 और साकिर 11 के बीच खेला गया। दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला, लेकिन अंत में साकिर 11 ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की और चमचमाती ट्रॉफी अपने नाम कर ली।

लगातार 10 दिनों तक चले इस क्रिकेट नाइट टूर्नामेंट की किच्छा क्षेत्र के लोगों ने जमकर सराहना की। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में समाजसेवी श्रीमती उषा सिंह उपस्थित रहीं। वहीं भाजपा नेता अजय तिवारी तथा वरिष्ठ भाजपा नेता विपिन जल्होत्रा भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
मुख्य अतिथि समाजसेवी उषा सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के खेल आयोजनों से युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है और ऐसे आयोजन लगातार होते रहने चाहिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में भी ऐसे आयोजनों के लिए उनका सहयोग जारी रहेगा।

इस अवसर पर उन्होंने एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि अगला क्रिकेट मैच स्वर्गीय वीर मानवेंद्र सिंह उर्फ नन्हे बाबू की स्मृति में आयोजित किया जाएगा। उनकी इस घोषणा का मैदान में मौजूद युवाओं और दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वागत किया।
आयोजक समिति ने मुख्य अतिथि का आभार व्यक्त किया। इस दौरान आयोजक मंडल के अंशुल गंगवार, नवल किशोर, अरुण ठाकुर, दिलीप सागर, नंदराम प्रजापति, रिकी सिंह, विनीत मेसी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। शहर के कई प्रतिष्ठित नागरिकों ने भी फाइनल मुकाबले का आनंद लिया।
क्रिकेट नाइट टूर्नामेंट का सफल आयोजन क्षेत्र में खेलों के प्रति बढ़ते उत्साह और युवाओं की प्रतिभा को नई दिशा देने का एक महत्वपूर्ण प्रयास साबित हुआ।




















