– इंडिया नज़र ब्यूरो किच्छा – शहीद ऊधम सिंह स्पोर्ट्स एकेडमी के तत्वावधान में इंदिरा गांधी खेल मैदान में आयोजित क्रिकेट नाइट टूर्नामेंट अब अपने अंतिम चरण की ओर बढ़ रहा है। प्रतियोगिता के मुकाबले अब सेमीफाइनल और फाइनल की ओर पहुंच चुके हैं, जिससे खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल बना हुआ है।
इस अवसर पर भाजपा जिला मंत्री मीना शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचीं। आयोजन समिति एवं खिलाड़ियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। मुख्य अतिथि ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया।
अपने संबोधन में मीना शर्मा ने कहा कि खेल युवाओं के व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। ऐसे आयोजनों से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है तथा युवाओं में खेल भावना और अनुशासन का विकास होता है। उन्होंने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन क्षेत्र में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने का कार्य कर रहे हैं।
मैचों का रोमांच लगातार बढ़ता जा रहा है और अब सभी की निगाहें सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबलों पर टिकी हुई हैं। बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मैदान पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन कर रहे हैं।




















